Pleasant weather to persist in Jharkhand, rain and lightning expected for two days झारखंड में बना रहेगा राहत भरा मौसम, लगातार दो दिन बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

झारखंड में बना रहेगा राहत भरा मौसम, लगातार दो दिन बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट

IMD ने कहा है कि 27 मार्च को 18 जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 28 मार्च को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर 20 जिलों में मौसम बदलेगा और बारिश की संभावना है।

Tue, 24 March 2026 10:45 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, रांची, झारखंड
share
झारखंड में बना रहेगा राहत भरा मौसम, लगातार दो दिन बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट

झारखंड के लोगों को अभी कुछ और दिन भीषण गर्मी का सामना नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि मौसम विभाग ने इस सप्ताह के अंत में प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। साथ ही आंधी-तूफान का येलो अलर्ट भी जारी किया है। इस दौरान IMD ने कहा है कि 27 मार्च को 18 जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से चलने वाली तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। वहीं 28 मार्च को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर 20 जिलों में मौसम बदलेगा और बारिश की संभावना है।

इस बारे में जानकारी देते हुए रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने बताया कि, 'अगले 48 घंटों तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। उसके बाद, अगले दो दिनों में ज्यादातर जिलों में कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।' आगे उन्होंने कहा, 'हालांकि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है।'

हफ्ते में दो दिन बारिश की संभावना

27 मार्च (शुक्रवार) को मौसम विभाग ने राज्य के गढ़वा, पलामू, चतरा, कोडरमा, गिरिडीह, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और पूर्वी सिंहभूम जिलों में आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान इन सभी जिलों में 30-40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ़्तार से तेज हवाएं भी चलेंगी।

28 मार्च (शनिवार) को विभाग ने प्रदेश के कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामतारा, दुमका, गोड्डा, पाकुर, साहिबगंज, हजारीबाग, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गुमला, रांची, खूंटी, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला और पूर्वी सिंहभूम जिलों में आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

कैसा रहा बीते दिन का मौसम

मंगलवार सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में, पलामू जिले के डाल्टनगंज में राज्य का सबसे ज़्यादा तापमान 33.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जिसके बाद जमशेदपुर में 33.5 डिग्री सेल्सियस और चाईबासा में 33.4 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। राज्य की राजधानी रांची में अधिकतम तापमान 29.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।