रांची में खत्म हो गया पेट्रोल? पंपों पर क्यों लग रही लंबी लाइन; लगाना पड़ा नो फ्यूल का पोस्टर
कई पेट्रोल पंप के ड्राई होने के बाद गुरुवार को पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ लगने लगी। सुबह में शहर के गिनेचुने पेट्रोल पंपों पर कतार लगी। धीरे-धीरे कतार बढ़ती गई, जो देर रात तक काफी बढ़ गई। स्थिति यह हो गई कि भीड़ अधिक होने के कारण चार पेट्रोल पंपों को तेल रहने के बावजूद बंद करना पड़ा।

झारखंड में बुधवार को कई पेट्रोल पंप के ड्राई होने के बाद गुरुवार को पेट्रोल पंपों पर अचानक भीड़ लगने लगी। सुबह में शहर के गिनेचुने पेट्रोल पंपों पर कतार लगी। धीरे-धीरे कतार बढ़ती गई, जो देर रात तक काफी बढ़ गई। स्थिति यह हो गई कि भीड़ अधिक होने के कारण चार पेट्रोल पंपों को तेल रहने के बावजूद बंद करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, बूटी मोड़ स्थित न्यू गुमला पेट्रोप पंप, हरमू रोड स्थित शांभवी व शक्ति सर्विस और तुपुदाना स्थित एक पंप को भीड़ बेकाबू होने के कारण बंद करना पड़ा। देर रात 10 बजे लालपुर चौक स्थित एचपी के पेट्रोल पंप पर तेल के लिए दोपहिया-चारपहिया वाहनों की लंबी कतार लगी रही।
जानकारी के अनुसार, सुबह से ही तेल लेने के लिए दो पहिया-चार पहिया वाहनों की कतार लगनी शुरू हुई। लगभग सभी पंपों पर सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक वाहन चालक तेल भरवाने पहुंच गए। अचानक बढ़ी मांग के कारण कई पंप कुछ ही घंटों में ड्राई हो गए। कई जगह सीमित मात्रा में ही पेट्रोल दिया गया। शाम के वक्त लालपुर स्थित एचपी पंप पर गैलन लेकर डीजल लेने के लिए लोगों की लाइन लग गई। अत्यधिक मांग के कारण कोकर, अरगोड़ा-कटहल मोड़ रोड समेत कई इलाकों में देर रात पंप ड्राई हो गए।
अरगोड़ा-कटहल मोड़ : देर रात तक तेल के लिए भटकते रहे लोग
अरगोड़ा-कटहल मोड़ रोड स्थित एचपी और आईओसीएल के पंप ड्राई होने से यहां लोग परेशान दिखे। पहले आईसीएल का पंप ड्राई होने के बाद कटहल मोड़ चौक स्थित एचपी के पंप पर लोगों की भीड़ लगनी शुरू हुई। थोड़ी ही देर बाद यहां पेट्रोल-डीजल दोनों खत्म हो गया।
कोकर-एचबी रोड में पंप से सड़क वाहनों की कतार
कोकर-एचबी रोड स्थित अक्षत पंप पर शाम 6 बजे के करीब वाहनों की लंबी कतार लगी थी। भीड़ में कई ट्रक और ऑटो चालक भी डीजल के लिए कतार में लगे दिखे। धीरे-धीरे यहां स्थिति यह हो गई कि पंप पर वाहनों के खड़े होने के लिए जगह कम पड़ गई और कई वाहनों की कतार सड़क तक पहुंच गई।
प्रमुख जिलों का क्या हाल
● रांची : 11 पेट्रोल पंप हुए ड्राई
● जमशेदपुर : पंपों पर कतार
● धनबाद: सीमित मात्रा में तेल
● देवघर: घंटों लगी रही लाइन
● बोकारो: स्थिति रही सामान्य
● पलामू: टंकी फुल कराने की होड़
● हजारीबाग दर्जनभर पंप ड्राई
करमटोली-बरियातू रोड : दोपहर दो बजे वाहनों की कतार लगनी शुरू हुई
करमटोली से बरियातू जाने के क्रम में रिम्स से पहले स्थित आईसीएल के पंप पर दोपहर दो बजे वाहनों की कतार लगनी शुरू हुई। पंप पर उपस्थित कर्मियों ने बताया कि सुबह सामान्य दिनों की तरह लोग पहुंच रहे थे। लेकिन, दोपहर बाद भीड़ बढ़ने लगी। यहां शुरुआत में पेट्रोल-डीजल मांग के अनुरूप दिया जा रहा था। लेकिन, बाद में अधिक भीड़ को देखते हुए अधिकतम दो हजार रुपये का पेट्रोल और दो हजार रुपये का डीजल दिया जाने लगा।
लालपुर-कोकर रोड : बीपीसीएल के पंप पर कैपिंग कर दिया गया तेल
लालपुर-कोकर मार्ग पर स्थित बीपीसीएल के पंप पर सुबह से ही दो पहिया-चार पहिया वाहनों की कतार लगनी शुरू हो गई। पंप पर सुबह से ही तेल के लिए लोगों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी, जो देर रात तक जारी रही। इस दौरान उपलब्ध स्टॉक और भीड़ को देखते हुए प्रबंधन की ओर से दो पहिया वाहन चालकों को अधिकतम दो सौ रुपये और चार पहिया वाहन चालकों को अधिकतम पांच सौ रुपये तेल दिया जा रहा था।
संताल और धनबाद में भी संकट
संताल के देवघर, दुमका, पाकुड़ और जामताड़ा में पेट्रोल-डीजल को लेकर पंपों पर कतार लगी रही। कोयलांचल में धनबाद में अफरातफरी देखी गई। बोकारो, गिरिडीह में सामान्य रहा।
कोल्हान में किल्लत
कोल्हान में भी गुरुवार को तेल की किल्लत बनी रही। जमशेदपुर के कई पंप पर सबेरे से कतार लगी रही। वहीं सरायकेला-खरसांवा के 31 में से केवल 11 पंप ही खुले रहे।
किस पंप पर क्या स्थिति रही
- कांटाटोली स्थित पंप पर पेट्रोल खत्म था।
- कोकर स्थित बीपीसीएल के पंप पर दो पहिया वाहन चालकों को 200 रुपये व कार चालकों को 500 रुपये का पेट्रोल दिया जा रहा था। देर रात पंप ड्राई हो गया।
- बजरा स्थित आईओसीएल पंप में पेट्रोल खत्म था। सिर्फ डीजल की बिक्री हो रही थी।
- पिस्का मोड़ गुरुद्वारा के पास एचपी पंप पर सामान्य पेट्रोल खत्म था।
- लोवाडीह स्थित एचपी के पंप पर सामान्य पेट्रोल खत्म था। एक्स्ट्रा प्रीमियम तेल की बिक्री की जा रही थी।
- हरमू रोड स्थित दुलारी पंप में सामान्य पेट्रोल-डीजल दोनों खत्म हो गए। पावर पेट्रोल लेने के लिए वाहनों की कतार लगी थी।
- हटिया में सोलंकी और एक अन्य पंप ड्राई रहा।
- अरगोड़ा-कटहल मोड़ रोड स्थित नंदी फ्यूल पंप पर देर शाम को पेट्रोल-डीजल खत्म हो गया।
- कटहल मोड़ चौक स्थित दयाल पंप देर रात आठ बजे के करीब ड्राई हो गया।




साइन इन