झारखंड में होगी झमाझम बारिश, इन जिलों में चलेंगी तूफानी हवाएं; पलामू में 3 की मौत
झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई। यहां दिन में मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ। इसके बाद राजधानी के कई भागों में बारिश हुई।

झारखंड की राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को भी तेज आंधी के साथ बारिश हुई। यहां दिन में मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर बाद मौसम में बदलाव हुआ। इसके बाद राजधानी के कई भागों में बारिश हुई। रात को तेज आंधी के बाद मुसलाधार बारिश हुई। इस दौरान आंधी की रफ्तार 60 किमी प्रतिघंटे से भी अधिक रही। इस दौरान एहतियातन बिजली काट दी गई, जिससे शहर में ब्लैक आउट की स्थिति बन गई।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों के दौरान भी राज्य में पलामू और आसपास के तीन जिलों को छोड़कर रांची समेत अधिकांश जिलों में बादल छाएंगे और कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बारिश होगी। लगातार बारिश होने का कारण रांची का मौसम ठंडा है। रांची में बुधवार को दिन के दौरान 10.6 मिमी बारिश दर्ज की गयी। अगले दो दिनों के दौरान तापमान में गिरावट आने की संभावना व्यक्त की गयी है।
तापमान रहेगा कम
मौसम विभाग के अनुसार रांची समेत अन्य जिलों का तापमान 38 डिग्री से नीचे रहने की संभावना है। इसके साथ संताल और कोयलांचल में ज्यादा बारिश होने की संभावना व्यक्त की गयी है। पलामू, गढ़वा, चतरा तथा आसपास में मौसम साफ होने के कारण यहां गर्मी बढ़ गयी है और तापमान का पारा 40 डिग्री के पार है। पलामू का तापमान 42.0 तक पहुंच चुका है। इन जिलों में बादल छाने की संभावना कम है। इन जिलों में अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री और वृद्धि होने का अनुमान है।
राज्य में इस दिन चाईबासा में 20.0 मिमी बारिश हुई। जबकि गुमला में छिटपुट बारिश हुई। वहीं पिछले 24 घंटों के दौरान पाकुड़ में सबसे ज्यादा 52.0 मिमी बारिश हुई। खरसावां में 48.0 मिमी, बोकारो में 36.4 मिमी, चाईबासा में 24.6, रामगढ़ में 23.6 मिमी, हजारीबाग में 14 मिमी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के ऊपर से एक टर्फ लाइन गुजरने के कारण राज्य में लगातार मौसम बदलाव हो रहा है।
पिछले 24 घंटों के दौरान रांची के अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की वृद्धि हुई है। बुधवार को तापमान 34.1 डिग्री रहा। यह तापमान सामान्य से करीब तीन डिग्री कम है। वहीं रांची का न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री रहा। यह सामान्य से दो डिग्री कम है। राज्य में सबसे ज्यादा अधिकतम मेदिनीनगर का 42.0 डिग्री दर्ज किया गया है। यह यहां के सामान्य तापमान से एक डिग्री अधिक है। वहीं पलामू का न्यूनतम तापमान 25.7 डिग्री रहा।
राज्य के जिलों का अधिकतम
जिला तापमान
रांची 34.1
जमशेदपुर 36.0
मेदिनीनगर 42.0
बोकारो 34.1
चाईबासा 36.4
लोहरदगा 36.6
रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि रांची और आसपास के जिलों में मौसम में लगातार बदलाव की संभावना है। अगले चार दिनों के दौरान आंधी के साथ बारिश होने की संभावना व्यक्त की गई है। इस दौरान पलामू और आसपास के जिलों के छोड़कर राज्य के अन्य जिलों में भी आंधी-बारिश होने की संभावना व्यक्त की गयी है। इस दौरान कही-कहीं वज्रपात की घटनाएं बढ़ सकती हैं।
कई इलाकों में बिजली संकट से लोग परेशान
रांची। बीते मंगलवार की शाम में आंधी और बारिश के कारण क्षतिग्रस्त हुए तार के कारण बिजली आपूर्ति दूसरे दिन बुधवार को भी प्रभावित रही। एक दिन पूर्व बिजली आपूर्ति सिस्टम की क्षति को दुरुस्त करने में पूरे दिन निकल गए। नुकसान ज्यादा होने के कारण मंगलवार की रात और बुधवार को दिनभर युद्ध स्तर पर मरम्मत कार्य चलता रहा। सबसे ज्यादा असर कांके रोड में हुआ। इसके कारण कांके रोड के कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित रही।
पानी का संकट भी जारी
बिजली नहीं होने से लोगों को सुबह में पानी संकट का सामना करना पड़ा। दिनभर बिजली के ट्रायल के कारण आने-जाने का सिलसिला बना रहा। दूसरी ओर, 11 केवी मधुकम फीडर के तहत हरिनगर में एलटी केबल का काम होने के कारण सुबह कई क्षेत्रों में बिजली आती-जाती रही। पहाड़ी फीडर में एक एलटी लाइन में आई खराबी को ठीक करने के कारण पहाड़ी मंदिर व आसपास के इलाकों में बिजली आती-जाती रही।
सुबह में आठ से 10 बजे तक हरमू साकेत विहार कॉलानी में बिजली नहीं रही। जानकारी के अनुसार, एक लाइन में ऑपरेशन-मेंटेनेंस का काम चल रहा था। दोपहर में बारिश के दौरान आधे से एक घंटा सुरक्षात्मक कारणों से बिजली बंद भी की गई। बारिश उपरांत बिजली बहाल कर दी गई। रांची विद्युत एरिया बोर्ड के महाप्रबंधक मनमोहन कुमार ने कहा कि मंगलवार को आंधी और बारिश से पुराने पेड़, होर्डिंग और मोबाइल टावर गिरने के कारण बिजली तार काफी प्रभावित हुए। 70 किमी प्रति घंटा की स्पीड से आई आंधी से कई पुराने पेड़ गिर गए थे, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित रही।




साइन इन