झारखंड में मानसून की एंट्री कब, मौसम विभाग ने बता दिया तारीख; संताल में वज्रपात से 3 लोगों की मौत
देश में मानसून पहुंच गया है। गुरुवार को मानसून ने केरल में दस्तक दे दी। इस बीच रांची स्थित मौसम विभाग कार्यालय ने राज्य में मानसून के प्रवेश करने की तारीख बता दी है। वहीं, संताल के कई हिस्सों में गुरुवार को आंधी-तूफान और वज्रपात से तीन लोगों की मौत होने की खबर है।

अलनीनो से कम बारिश की आशंका के बीच मानसून ने गुरुवार को केरल में दस्तक दी। मौसम विभाग ने केरल, कर्नाटक में अगले सात दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताई है। चूंकि मानसून तय समय से तीन दिन लेट है, इस लिहाज से झारखंड में इसके 15 जून तक पहुंचने के आसार हैं। मौसम विभाग के अनुसार इस बार मॉडल त्रुटि के कारण मानसूनी बारिश में 4 से 10 फीसदी की कमी हो सकती है।
रांची केंद्र रांची के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि केरल में मानसून आने के बाद झारखंड में पहुंचने की तय तिथि के बारे में अभी कुछ नहीं कहा जा सकता। यह निर्धारित मार्ग से उत्तर-पूर्व के राज्यों से होकर आगे बढ़ेगा। इस क्रम में यह बंगाल होते बिहार और झारखंड में प्रवेश करेगा। फिलहाल अभी यह नॉर्थ-ईस्ट राज्यों से दूर है। वहां पहुंचने में तीन से चार दिन लग सकता है। मानसून अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय हो चुका है।
पिछले साल 17 जून को प्रवेश किया था
अब यह बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्वी हिस्से में आगे बढ़ रहा है। मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, गत वर्ष मानसून 26 मई को केरल तट पर पहुंचा था, लेकिन स्थितियां अनुकूल नहीं रहने से झारखंड में 17 जून को प्रवेश किया था। जबकि झारखंड में मानसून के आगमन की सामान्य अवधि 10 से 15 जून है। दिल्ली में मानसून के आगमन की सामान्य तिथि 27 जून है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश में यह 15 जून के आसपास प्रवेश करता है।
संताल में वज्रपात से तीन की मौत
संताल के कई हिस्सों में गुरुवार को आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश हुई। आंधी से पाकुड़ के अमड़ापाड़ा बाजार क्षेत्र में एक विशाल पेड़ टूटकर बिजली के तारों पर जा गिरा, जिससे तार के साथ-साथ कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। वहीं अलग-अलग क्षेत्रों में वज्रपात से तीन लोगों की मौत हो गई। पाकुड़ के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में एक, महेशपुर थाना क्षेत्र में एक और दुमका में एक बच्ची की मौत हो गई। वज्रपात से दो किशोर के गंभीर रूप से झुलस जाने की भी सूचना है। वहीं स्थानीय प्रशासन ने आंधी में गिरे पेड़ों को हटवाकर रास्ता साफ कराया, जिससे दोबारा आवागमन सुचारू हो सका।
धनबाद में 9 जून तक येलो अलर्ट
उधर, धनबाद में गुरुवार को दिनभर तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को जिले का अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम केंद्र के अनुसार 9 जून तक धनबाद में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान कई स्थानों पर गर्जन, वज्रपात और 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का यह भी कहना है कि 6 और 7 जून को जिले में मेघ गर्जन के साथ हल्की बारिश होने की संभावना अधिक है।




साइन इन