झारखंड के हजारीबाग सरस्वती जुलूस के दौरान झड़प और पत्थरबाजी; कई जख्मी, फोर्स तैनात
झारखंड के हजारीबाग के केरेडारी ब्लॉक इलाके में सरस्वती जुलूस के दौरान भारी बवाल की खबर है। बताया जाता है कि जुलूस के दौरान दो समूहों में झड़प और पत्थरबाजी हुई। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस फोर्स तैनात है।

झारखंड के हजारीबाग जिले के केरेडारी ब्लॉक क्षेत्र में सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और पथराव की घटना हुई है। स्थिति बिगड़ते देख प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई की और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक के अनुसार स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में और शांतिपूर्ण है। पुलिस उपद्रवियों की पहचान करने और मामले की गहराई से जांच करने में जुटी है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, केरेडारी के बेलतू में मां सरस्वती प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान शनिवार को गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। विसर्जन जुलूस निर्धारित मार्ग से गुजर रहा था। इसी दौरान गाना बजाने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हो गई। इसके बाद दोनों ही पक्ष आमने सामने आ गए। देखते ही देखते पथराव होने लगा। इससे अफरा-तफरी मच गई। पथराव में कुछ पुलिस जवानों समेत कई युवक चोटिल हो गए। सभी की नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में मरहम पट्टी की गई।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और भीड़ को तितिर-बितिर कर के स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद क्षेत्र में अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है। मूर्ति विसर्जन का काम प्रशासन की निगरानी में कराया गया। घटना के संबंध में हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अंजनी अंजन ने बताया कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने संयम बरतने और आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है। घटना की जांच की जा रही है।
हजारीबाग शहर के विभिन्न इलाकों कुम्हारटोली, बाबूगांव, मटवारी, इंद्रपुरी, दीपूगढ़ा, कोर्रा, हीराबाग, ओकनी, मालवीय मार्ग, नूरा, पुलिस लाइन से मां सरस्वती का विसर्जन जुलूस धूमधाम से निकाला गया। सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने पहले ही सभी तैयारियां पूरी कर ली थीं। हालांकि इन सबके बीच जिले के केरेडारी ब्लॉक क्षेत्र में सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प और पथराव की घटना सामने आई है।
एसपी हजारीबाग ने बताया कि केरेडारी के बेलतू में सरस्वती पूजा विसर्जन जुलूस के दौरान दो गुटों में झड़प और पथराव की घटना सामने आई है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिया है। एसपी हजारीबाग के अनुसार, अब वहां स्थिति पूरी तरह शांत और नियंत्रण में है। पुलिस नजर बनाए हुए है ताकि दोबारा कोई विवाद न हो और क्षेत्र में शांति बनी रहे।




साइन इन