झारखंड में SIR की तैयारी तेज, चुनाव आयोग जल्द करेगा घोषणा
झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की तैयारी जारी है। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में इसकी भारत निर्वाचन आयोग की ओर से घोषणा की संभावना है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है।

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की तैयारी जारी है। अप्रैल के दूसरे सप्ताह में इसकी भारत निर्वाचन आयोग की ओर से घोषणा की संभावना है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय की ओर से इसे अंतिम रूप दिया जा रहा है। सभी जिलों और बीएलओ को मार्च अंत तक प्रक्रियाएं पूरी करने का निर्देश दिया गया है।
सभी बीएलओ को स्पष्ट कहा गया है कि जो भी मतदाता 2003 की मतदाता सूची के आधार पर अपना सत्यापन अब तक नहीं करा सके हैं, उनकी पहचान कर सत्यापन की कार्रवाई की जाए। अब तक राज्य के 2.66 करोड़ मतदाताओं में से 1.95 करोड़ मतदाताओं का सत्यापन किया जा चुका है। ऐसे मतदाताओं को क्षेत्र में जाकर सत्यापन कराने का आग्रह करें।
अभी आसानी से हो जाएगा सत्यापन
वर्तमान में सत्यापन आसानी से हो सकेगा, लेकिन एसआईआर के समय आवश्यक सभी दस्तावेज मतदाताओं को देने होंगे। इसके बाद ही पहले सत्यापन और उसके बाद में एसआईआर हो सकेगा, इसमें मतदाताओं को ज्यादा समय लग सकेगा। उचित दस्तावेज नहीं दिए जाने पर संबंधित मतदाताओं का मतदाता सूची से नाम रखने या हटाने का निर्णय भी लिया जा सकता है।
11 मार्च से शुरू हुई थी राज्य स्तरीय बैठक
झारखंड के मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने बताया कि एसआईआर के संबंध में 11 मार्च को एक राज्य स्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। इस बैठक में सभी जिलों के निर्वाचन अधिकारियों ने हिस्सा लिया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य प्री-रिविजन की गतिविधियों को पूरा करना था, ताकि एसआईआर शुरू होने से पहले बची हुई सभी कमियों को इसी महीने सुधार कर सारी व्यवस्थाएं ठीक कर ली जाएं।
100 दिन के अंदर पूरी कर ली जाएगी एसआईआर की प्रक्रिया
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के. रवि कुमार ने कहा कि एसआईआर 90 से 100 दिन में पूरा होता है। कुछ राज्य इसमें और समय की मांग करते हैं, लेकिन झारखंड में ऐसी स्थिति नहीं बनेगी। झारखंड में 90 से 100 दिन के अंदर एसआईआर की पूरी प्रक्रिया को पूरा कर लिया जाएगा। झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से पहले 73 फीसदी मतदाता सूची का सत्यापन पूरा कर लिया गया है।




साइन इन