झारखंड में 1200 से ज्यादा डॉक्टरों की होगी भर्ती, स्वास्थ्य मंत्री ने किया ऐलान
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मंगलवार को यह घोषणा करते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।

झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सरकार जल्द ही 1200 से अधिक डॉक्टरों की भर्ती करने जा रही है। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने मंगलवार को यह घोषणा करते हुए कहा कि सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को दूर करने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।
JPSC के जरिए होगी भर्ती
उन्होंने बताया कि यह भर्ती झारखंड पब्लिक सर्विस कमीशन (JPSC) के माध्यम से की जाएगी। रांची में आयोजित एक कार्यक्रम में 76 नवनियुक्त संविदा डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए मंत्री ने कहा कि इससे राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार आएगा।
कुल 1243 पदों का भेजा अधियाचन
स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह के अनुसार, कुल 1243 पदों के लिए JPSC को पहले ही अधियाचन भेजा जा चुका है। इनमें 297 मेडिकल ऑफिसर, 189 असिस्टेंट प्रोफेसर, 97 सुपर स्पेशियलिस्ट असिस्टेंट प्रोफेसर और 660 स्पेशलिस्ट डॉक्टर शामिल हैं।
मंत्री ने राज्य में ब्लड की कमी को दूर करने के लिए भी नई पहल की घोषणा की। उन्होंने बताया कि एक बाहरी एजेंसी को इस कार्य की जिम्मेदारी दी जाएगी, जो ब्लड की उपलब्धता सुनिश्चित करेगी। इसके लिए टोल-फ्री नंबर जारी किया जाएगा, जिससे लोग फोन पर ब्लड बुक कर सकेंगे।
बड़े शहरों के अस्पतालों में कम होगा दवाब
इसके अलावा, सरकार मेडिकल कॉलेजों, जिला अस्पतालों और सदर अस्पतालों में CT-स्कैन और MRI की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना बना रही है। इससे रांची, जमशेदपुर और धनबाद जैसे बड़े शहरों के अस्पतालों पर मरीजों का दबाव कम होगा।
2029 तक टीबी मुक्त करने की दिशा में काम
राज्य सरकार सिकल सेल एनीमिया और थैलेसीमिया जैसी बीमारियों की जांच भी बड़े स्तर पर कराने की तैयारी में है, ताकि प्रभावित मरीजों की सही संख्या का पता लगाया जा सके।मंत्री ने बताया कि झारखंड वर्ष 2029 तक टीबी मुक्त राज्य बनने की दिशा में भी काम कर रहा है। दिसंबर 2025 तक राज्य में करीब 76,000 टीबी मरीजों की पहचान की जा चुकी है, जिनका इलाज जारी है।




साइन इन