हजारीबाग में रामनवमी जुलूस के दौरान हिंसा, 2 लोगों की मौत; भारी पुलिस फोर्स तैनात
झारखंड के हजारीबाग में रामनवमी शोभायात्रा के दौरान भड़की हिंसा में दो युवकों की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। आधी रात को हुई इन अलग-अलग घटनाओं से इलाके में सनसनी फैल गई।

झारखंड के हजारीबाग जिले में रामनवमी की शोभायात्रा के दौरान हिंसा में 2 लोगों की हत्या कर दी गई। यह घटना अलग-अलग जुलूसों के दौरान हुई। दोनों घटनाएं टाउन पुलिस थाना क्षेत्र के झंडा चौक में आधी रात के आसपास अलग-अलग शोभायात्राओं के दौरान हुईं। पुलिस घटनाओं की गहन जांच कर रही है। अब तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं की जा सकी है। पुलिस का कहना है कि जुलूस में करतब दिखाने के दौरान बड़ी संख्या में लोग घायल भी हुए हैं।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राम नवमी की शोभायात्रा के दौरान दो लोगों की कथित तौर पर धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मरने वालों की पहचान सिलवार गांव के प्रिंस कुमार और बड़ा बाजार के अभिषेक कुमार के रूप में हुई है।
अनजान व्यक्ति ने की तेज हथियार से हत्या
सदर के एसडीपीओ अमित आनंद ने जानकारी दी कि शनिवार को रामनवमी के जुलूस के दौरान किसी अनजान व्यक्ति ने अभिषेक की तेज हथियार से हत्या कर दी। हमले के बाद अभिषेक को इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं
इस मामले में अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। प्रिंस कुमार पर भी इसी तरह हमला किया गया था जिन्हें अस्पताल ले जाने पर उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
तलवार और लाठी के करतब दिखाने के दौरान कई जख्मी
घटना की जानकारी मिलते ही सदर एसडीओ आदित्य पाण्डेय घटनास्थल पर पहुंचे और न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने परिजनों को समझा कर जुलूस मार्ग खुलवाया। आधिकारिक और मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार शाम से रविवार दोपहर तक बड़ी संख्या में लोग शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे। इनमें से ज्यादातर लोग तलवार और लाठी के करतब दिखाने के दौरान घायल हुए थे।
भारी पुलिस फोर्स तैनात
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हजारीबाग में शांति बनाए रखने के लिए भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। हिंसा में शामिल उपद्रवियों की पहचान सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। हालांकि प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित करने के लिए कड़े कदम उठाए हैं। हिंसक घटनाओं के बाद से पूरे शहर में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है।




साइन इन