हजारीबाग में मंगला जुलूस के दौरान बवाल, जमकर हुआ पथराव; कई पुलिसकर्मी घायल
हजारीबाग में मंगला जुलूस के दौरान जमकर बवाल हुआ। यहां के बरकट्ठा और गोरहर थाने की सीमा पर लेबड़ा जमुआ में मंगलवार को दोपहर ढाई बजे मंगला जुलूस के दौरान जुलूस मार्ग को लेकर पुलिस और जुलूस में शामिल लोगों के बीच झड़प हो गई।

हजारीबाग में मंगला जुलूस के दौरान जमकर बवाल हुआ। यहां के बरकट्ठा और गोरहर थाने की सीमा पर लेबड़ा जमुआ में मंगलवार को दोपहर ढाई बजे मंगला जुलूस के दौरान जुलूस मार्ग को लेकर पुलिस व जुलूस में शामिल लोगों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान पथराव में पुलिसकर्मियों समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। पूछताछ के लिए दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
मंगला जुलूस तुईओ से निकलकर कपका, बुढ़ियाडीह, बुचैय का भ्रमण कर लेबड़ा जमुआ होते हुए तुईओ लौट रहा था। जिस मार्ग से जुलूस लाया जा रहा था, उससे गुजरने का लाइसेंस नहीं था। इस वजह से पुलिस ने जुलूस को तय रूट से ले जाने को कहा, पर लोग मानने को तैयार नहीं थे। इस पर पुलिस और जुलूस में शामिल लोगों के बीच हल्की झड़प हो गई। सूचना पर एसडीएम जोहन टुड्डू, एसडीपीओ अजीत कुमार विमल पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। लोगों को समझाने की कोशिश की पर हंगामा बढ़ता देख पुलिस ने भीड़ को खदेड़ना शुरू कर दिया। इसी बात पर जुलूस में शामिल लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। मामले में एफआईआर की तैयारी चल रही है।
क्या बोले SDM
एसडीएम ने स्पष्ट किया कि झड़प दो समुदायों में बल्कि जुलूस में शामिल लोग और पुलिस प्रशासन के बीच रूट को लेकर हुई। उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। उन्होंने लोगों ने अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
एसडीएम ने कहा कि मंगला जुलूस के लिए मार्ग का लाइसेंस नहीं था। जबरन जुलूस निकाला जा रहा था। रोके जाने पर हंगामा हुआ। पुलिस और ग्रामीणों के बीच हल्की झड़प हो गई। वहीं एसडीपीओ ने कहा कि मामले को लेकर एफआइआर दर्ज की जाएगी। वे घटनास्थल पर मौजूद हैं। स्थिति सामान्य है। वहीं पुलिस ने आधे दर्जन से अधिक बाइक जब्त की है।




साइन इन