ट्रांसफॉर्मर में गड़बड़ी से बनियाडीह में बिजली संकट
गिरिडीह में बनियाडीह पावर सब स्टेशन का 750 केवीए ट्रांसफार्मर खराब हो गया है, जिसके कारण क्षेत्र में बिजली संकट गहरा गया है। रविवार दोपहर से लोग अंधेरे में हैं, जिससे गर्मी में परेशानी बढ़ गई है। डीवीसी द्वारा लोड शेडिंग के कारण भी बिजली की स्थिति खराब है।

गिरिडीह, प्रतिनिधि। गिरिडीह कोलियरी क्षेत्र के बनियाडीह पावर सब स्टेशन में लगा 750 केवीए का ट्रांसफॉर्मर खराब हो जाने से रविवार दोपहर 12 बजे से अपर बनियाडीह, लोअर बनियाडीह आंशिक और गांधीनगर क्षेत्र में बिजली संकट गहरा गया है। ट्रांसफॉर्मर में अचानक आई तकनीकी खराबी के कारण दोनों इलाकों की करीब एक हजार की आबादी अंधेरे में रहने को विवश है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रविवार दोपहर 12 बजे से ही बिजली गुल है। उमस भरी गर्मी में पंखा-कूलर बंद होने से बच्चे, बुजुर्ग और मरीज बेहाल हैं। इनवर्टर भी जवाब दे चुके हैं। घरों में पानी का मोटर नहीं चलने से जल संकट भी खड़ा हो गया है।
सब स्टेशन के कर्मियों से मिली जानकारी के अनुसार सोमवार तक दूसरा ट्रांसफॉर्मर लगाकर क्षेत्र में सामान्य आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। तब तक लोगों से संयम बरतने की अपील की गई है। भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।भीषण गर्मी में बिजली की बदहाली ने लोगों का जीना किया मुहाल : जमुआ, प्रतिनिधि। जमुआ प्रखंड क्षेत्रों में इन दिनों बिजली की बदहाली ने भीषण गर्मी में लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। जैसे-जैसे प्रखंड क्षेत्रों में गर्मी बढ़ रही है। वैसे-वैसे बिजली की बदहाली बढ़ती जा रही है। लगातार बिजली कटौती से लोग त्रस्त है। विभाग का ठिकरा डीवीसी पर फोड़ा जा रहा है। फिलहाल गांवों में 8 से 10 घंटे ही बिजली लोगों को मिल रही है।बिजली नहीं रहने से लोगों को रतजग्गा करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार गर्मी को देखते हुए डीवीसी द्वारा भी लोड शेडिंग शुरू कर दिया गया है। इधर डीवीसी केटीपीएस द्वारा रोजाना करीब तीन से चार घंटे लोड शेडिंग की जा रही है, जिसके कारण बिजली व्यवस्था चरमरा गई है। वहीं गर्मी के कारण ट्रिपिंग व फ्यूज उड़ने जैसी समस्या बढ़ने लगी है। विभाग के अनुसार लोकल फॉल्ट के रोजाना 10 से 15 मामले आ रहे है। इधर भाजपा किसान मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष परमेश्वर यादव ने बताया कि उनके क्षेत्र में महज सात से आठ घंटे ही बिजली मिल रही है। कहा कि बिजली नहीं रहने से इनवर्टर भी जवाब दे जाता है। जिसका असर बच्चों पर पड़ रहा है। झामुमो नेता राजू यादव ने बताया कि गर्मी की शुरुआत के साथ ही बिजली कटौती बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि शुक्रवार-शनिवार रात करीब 2 बजे बिजली गुल हुई और अगले दिन सुबह 4 बजे बाद पुनः बहाल की गई। जिससे घंटों तक पूरा क्षेत्र अंधेरे में डूबा रहा। समाजसेवी विश्वनाथ सिंह ने कहा कि मरम्मत के नाम पर बार-बार बिजली काट दी जाती है। जिससे लोगों को गर्मी में पूरी रात परेशानी झेलनी पड़ती है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन