उमस भरी गर्मी में बिजली कटौती से शहरवासी हलकान
गिरिडीह में अप्रैल के तीसरे सप्ताह में उमस भरी गर्मी और अघोषित बिजली कटौती ने लोगों को परेशान कर दिया है। कई इलाकों में 6 से 8 घंटे बिजली बंद रहती है, जिससे पानी और पढ़ाई पर भी असर पड़ रहा है। स्थानीय लोग समयबद्ध कटौती की मांग कर रहे हैं।

गिरिडीह। अप्रैल के तीसरे सप्ताह में ही गिरिडीह शहर उमस भरी गर्मी से बेहाल है। पारा 39 डिग्री के पार पहुंच चुका है, ऊपर से अघोषित बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। पिछले एक सप्ताह से शहर के कई इलाकों में दिन-रात मिलाकर 6 से 8 घंटे तक बिजली गुल रह रही है। शहर के आधे से ज्यादा इलाकों मकतपुर, न्यू बरगंडा, बोड़ो, पचंबा, सिहोडीह सहित कई इलाके बिजली कटौती से प्रभावित हैं। शनिवार को साढे तीन बजे से आठ बजे तक बिजली कटी रही। ज्यादातर घरों के इन्वर्टर भी जवाब दे दियया है। इससे लोगों में भारी असंतोष है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दिन में 10 बजे से शाम 4 बजे तक और रात 10 बजे से 2 बजे तक लगातार कटौती हो रही है। उमस के कारण पंखा-कूलर बंद होते ही घरों में रहना मुश्किल हो जाता है। बच्चे-बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं। व्यवसायी वर्ग भी परेशान हैं। मकतपुर के एक दुकानदार ने बताया कि दिन में बार-बार बिजली जाने से कंप्यूटर, बिलिंग मशीन और फ्रिज बंद हो जाते हैं। ग्राहक लौटकर चले जाते हैं। इन्वर्टर भी 3-4 घंटे में जवाब दे जाता है। वहीं कोचिंग संस्थानों में पढ़ाई बाधित हो रही है। रविवार को जेपीएससी की परीक्षा है और परीक्षार्थी पढ़ नहीं पा रहे हैं। 10वीं के छात्र ने कहा कि बोर्ड रिजल्ट के बाद अब एडमिशन और एंट्रेंस की तैयारी में बिजली कटौती बड़ी बाधा बन गई है। जलापूर्ति भी प्रभावित हो रही है। बिजली न रहने से कई मोहल्लों में समय पर पानी की सप्लाई नहीं हो पा रहा है। लोग रात 2 बजे उठकर मोटर चलाने को मजबूर हैं। इधर विभिन्न सामाजिक संगठनों ने बिजली विभाग से रोस्टर जारी कर कटौती करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर कटौती जरूरी है तो समय तय हो, ताकि वे उसी अनुसार व्यवस्था कर सकें। फिलहाल अघोषित कटौती से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है।कोलियरी इलाके में बिजली कटौती के साथ लॉ वोल्टेज ने बढ़ाई परेशानीगर्मी बढ़ने के साथ गिरिडीह कोलियरी इलाके में बिजली कटौती के साथ लॉ वोल्टेज ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। कोलियरी की बिजली पर बनियाडीह, गांधीनगर, राजनगर, प्रेमनगर, अकदोनी, सेंट्रलपीट, योगीटांड़, पपरवाटांड़ सहित आसपास की 10 हजार से अधिक की आबादी निर्भर है। गर्मी बढ़ने के साथ बिजली कटौती के साथ लॉ वोल्टेज की समस्या इस प्रकार उत्पन्न हो गई है कि पंखा चलने के बावजूद हवा का आभास नहीं हो रहा है। कोलियरी इलाके में हीटर के प्रयोग के साथ घरों में अंधाधुंध एसी लगने के कारण गर्मी के दिनों में लॉ वोल्टेज की समस्या आम बात हो गई है। इससे सबसे ज्यादा परेशानी गरीब तबके के लोगों को हो रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन