घोड़थम्भा: मारपीट कांड में फरार आरोपियों के घर चिपकाया इश्तेहार
खोरीमहुआ में घोड़थम्भा ओपी कांड संख्या-23/26 के मारपीट मामले में फरार अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज की है। न्यायालय ने अभियुक्तों के खिलाफ इश्तेहार जारी किया है। आरोपियों में विशाल यादव, जितेन्द्र यादव और बबलू यादव शामिल हैं। पुलिस ने उन्हें आत्मसमर्पण के लिए समय सीमा दी है।

खोरीमहुआ, प्रतिनिधि। घोड़थम्भा ओपी कांड संख्या- 23/26, 26 जनवरी 2026 से जुड़े मारपीट मामले में फरार अभियुक्तों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं-191(2), 191(3), 190, 127(1), 127(2), 115(2), 117(2), 109 एवं 303(2) के तहत दर्ज प्राथमिकी में नामजद आरोपियों के विरुद्ध माननीय न्यायालय, गिरिडीह द्वारा इश्तेहार अधिपत्र जारी किया गया है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में फरार चल रहे अभियुक्तों में विशाल कुमार यादव (पिता- राधे यादव), जितेन्द्र यादव (पिता- भीखन यादव), बबलू यादव (पिता- विजय यादव) सभी निवासी- खेतों, थाना धनवार, ओपी घोड़थम्भा, जिला गिरिडीह शामिल हैं। न्यायालय के आदेश के आलोक में 30 अप्रैल 2026 को पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए इश्तेहार की प्रतियां आरोपियों के घर चिपकाया है।
एक प्रति न्यायालय के मुख्य द्वार पर, दूसरे अभियुक्तों के घर के मुख्य दरवाजे पर तथा तीसरे क्षेत्र के प्रमुख चौक-चौराहों पर चिपकाए गए। इस दौरान ढोल-नगाड़े और माइकिंग के माध्यम से आम लोगों को भी इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर यदि आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई (कुर्की-जब्ती सहित) की जाएगी। कार्रवाई के दौरान घोड़थम्भा ओपी के एसआई सुनील कुमार त्रिपाठी, एएसआई रजनीश कुमार समेत पुलिस बल मौजूद रहे।बताया जाता है कि बीते दिनों सरस्वती पूजा के दौरान प्रतिमा विसर्जन में डीजे बजाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गयी थी। इस घटना में चन्दरखो पंचायत के मुखिया गौतम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। घटना के बाद दोनों पक्षों ने घोड़थम्भा ओपी में आवेदन देकर न्याय की मांग की थी। फिलहाल पुलिस मामले में संलिप्त आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन