नीट पेपर लीक पर बगोदर में आइसा का हल्ला बोल
बगोदर में ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने नीट यूजी 2026 पेपर लीक के खिलाफ मार्च निकाला और एनटीए को भंग करने तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की। अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप ने कहा कि राजस्थान पुलिस जांच में 600 अंकों के उत्तर लीक होने का खुलासा हुआ है।

बगोदर, प्रतिनिधि। नीट यूजी 2026 पेपर लीक के दोषी एजेंसी एनटीए को भंग करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (आइसा) ने बगोदर में प्रतिवाद मार्च निकाल नुक्कड़ सभा की। मार्च सरिया रोड स्थित किसान भवन से शुरू होकर बस स्टैंड तक गया, जहां वह नुक्कड़ सभा में बदल गया। सभा को संबोधित करते हुए विनोबा भावे विवि हजारीबाग की स्नातकोत्तर छात्रा और आइसा की प्रदेश अध्यक्ष विभा पुष्पा दीप ने कहा कि राजस्थान पुलिस की हालिया जांच से पता चला है कि नीट यूजी परीक्षा का एक गैस पेपर परीक्षा से पहले ही चलन में था।
इस पेपर से कथित तौर पर 600 से अधिक अंकों के उत्तर लीक हुए हैं। बिना किसी जवाबदेही और कार्रवाई के एनटीए ने बस परीक्षाएं दोबारा कराने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में पेपर लीक की चौंका देने वाली 89 घटनाएं सामने आई हैं।विभा पुष्पा दीप ने कहा कि नीट यूजी पेपर लीक एनटीए और भाजपा सरकार की अक्षमता और भ्रष्टाचार का एक और प्रदर्शन है, जिसने लाखों छात्रों का भविष्य निजी कोचिंग माफिया के हितों के हवाले कर दिया है। साल दर साल प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक का सिलसिला जारी है और शिक्षा मंत्रालय कोई उचित कार्रवाई या जवाबदेही तय नहीं करता, बस भ्रष्ट और अक्षम एनटीए को छूट दे देता है। कार्यक्रम में आशीष कुमार मंडल, सृष्टि श्रेया, महक रानी, खुशबू कुमारी, बबीता कुमारी, करीना कुमारी, सपना कुमारी, पूजा कुमारी, दीपिका कुमारी, रानी कुमारी, निशा कुमारी, पिंकी कुमारी, मौसम कुमारी, विनीता कुमारी, नीरू कुमारी, अर्जुन महतो समेत अन्य शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन