नीट यूजी 2026 रद्द होने से छात्रों में भारी आक्रोश : प्रो. विनय सुमन
नीट यूजी- 2026 परीक्षा रद्द होने पर राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के महासचिव प्रो. विनय कुमार सुमन ने केंद्र सरकार और एनटीए पर हमला बोला है। उन्होंने परीक्षा रद्द होने से 23 लाख परीक्षार्थियों के आक्रोश की बात कही और केंद्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग की।

मुंगेर, एसं/निसं। नीट यूजी- 2026 परीक्षा रद्द किए जाने पर राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश महासचिव प्रो. विनय कुमार सुमन ने केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि, परीक्षा रद्द होने से देशभर के लगभग 23 लाख परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग
प्रो. सुमन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तथा एनटीए निदेशक अभिषेक सिंह से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए तत्काल इस्तीफा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि, वर्ष- 2024 में भी नीट परीक्षा पेपर लीक के कारण विवादों में रही थी, लेकिन इसके बावजूद परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की जा सकी। गेस पेपर के माध्यम से 120 प्रश्नों का हूबहू बाहर आना शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर गंभीर सवाल खड़ा करता है।
छात्रों का भविष्य अधर में
उन्होंने कहा कि, सरकार हर बार मामले की जांच एजेंसियों को सौंपकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास करती है, जबकि मेहनत करने वाले लाखों छात्रों का भविष्य अधर में लटक जाता है। आर्थिक रूप से संपन्न परिवार अपने बच्चों को निजी मेडिकल कॉलेजों में भेज देंगे, लेकिन गरीब और मध्यमवर्गीय छात्रों के लिए नीट ही डॉक्टर बनने का एकमात्र सहारा है।
कठोर कार्रवाई की मांग
प्रो. सुमन ने मांग की है कि, पेपर लीक कांड में शामिल दोषियों और शिक्षा माफियाओं पर कठोर कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन