डुमरी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक
डुमरी में बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई। बैठक में एसडीपीओ आबिद खान ने त्याग और भाईचारे के साथ बकरीद मनाने की अपील की। उन्होंने सोशल मीडिया पर अफवाहों से बचने की सलाह दी। कुर्बानी के बाद अपशिष्ट का सही निपटारा करने की भी चर्चा की गई।

डुमरी। बकरीद पर्व को लेकर डुमरी थाना परिसर में शनिवार को शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता एसडीपीओ आबिद खान व संचालन थाना प्रभारी श्रीकांत कुमार ने किया। बैठक में डुमरी थाना क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधि, दोनों समुदायों के प्रबुद्ध लोग, मस्जिद-ईदगाह कमेटी के सदस्य और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित हुए।
बैठक में चर्चा
बैठक में 28 मई को मनाया जाने वाला बकरीद पर्व को शांति और सौहार्द के साथ मनाने पर चर्चा की गई। एसडीपीओ आबिद खान ने कहा कि बकरीद त्याग का पर्व है। इसे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की अफवाह या आपत्तिजनक पोस्ट न करें। अफवाह फैलाने वालों पर पुलिस की कड़ी नजर रहेगी। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुर्बानी के बाद अपशिष्ट का निपटारा
सीओ शशिभूषण वर्मा ने कहा कि कुर्बानी के बाद अपशिष्ट पदार्थों का निपटारा सही ढंग से करें। थाना प्रभारी ने अपील की कि कुर्बानी चिन्हित स्थानों पर ही करें। खुले में या सड़क पर कुर्बानी न दी जाए। कुर्बानी के बाद अवशेष को इधर-उधर न फेंकें, बल्कि गड्ढा खोद कर दबा दें। ताकि साफ-सफाई बनी रहे और किसी की भावना को ठेस न पहुंचे। कहा कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रखी जाएगी। बैठक में इंस्पेक्टर राजेन्द्र प्रसाद, उपप्रमुख उपेन्द्र महतो, पूर्व प्रमुख यशोदा देवी, झामुमो नेता बरकत अली, राजकुमार पांडेय, जिप सदस्य बैजनाथ महतो, आजसू नेता छक्कन महतो, मुखिया जागेश्वर महतो, खेमलाल महतो, सुबोध यादव, हसमुद्दीन अंसारी, भाजपा नेता निर्मल जायसवाल, सरफराज अहमद, निजामुद्दीन अंसारी, भुवनेश्वर दास, ताज हसन, मुबारक अंसारी, खुर्शीद अंसारी, इरफान अंसारी आदि उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन