पेट्रोल-डीजल मूल्य वृद्धि के खिलाफ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन
गिरिडीह में कांग्रेस कमेटी ने पेट्रोलियम पदार्थों की बढ़ती कीमतों के खिलाफ टावर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बैलगाड़ी पर सवार होकर केंद्र सरकार का पुतला जलाया और महंगाई के खिलाफ नारेबाजी की। कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ने सरकार पर विफलता का आरोप लगाया और कहा कि उन्हें जनता के साथ खड़ा रहना है।

गिरिडीह, प्रतिनिधि। पेट्रोलियम पदार्थों के मूल्य में हुई बढ़ोतरी के खिलाफ जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को टावर चौक पर अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता बैलगाड़ी पर सवार होकर केंद्र सरकार का पुतला दहन करने शहर के टावर चौक पहुंचे। इस दौरान ‘केंद्र सरकार होश में आओ, महंगाई पर लगाम लगाओ नहीं तो होगा चक्का जाम’ और ‘बहुत हुई महंगाई की मार, जल्दी हटाओ मोदी सरकार’ जैसे नारे लगाए गए। पुतला दहन के बाद संबोधित करते हुए कांग्रेस के जिलाअध्यक्ष सतीश केडिया ने कहा कि हमारे नेता ने पहले ही बता दिया था कि चुनाव खत्म होते ही पेट्रोलियम पदार्थों के दाम बढ़ा दिए जाएंगे और केंद्र सरकार ने ठीक वैसा ही किया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जनता से तेल, डीजल-पेट्रोल, सोना कम इस्तेमाल करने और विदेश यात्रा न करने की अपील करते हैं, लेकिन खुद दूसरे दिन विदेश रवाना हो जाते हैं। केडिया ने कहा कि सरकार हर क्षेत्र में विफल है। बार-बार परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक हो रहे हैं और लीक करने वालों में भाजपा के लोग ही पकड़े जा रहे हैं। बैलगाड़ी पर प्रदर्शन का मकसद जनता को सांकेतिक रूप से बताना है कि सरकार पेट्रोल-डीजल इतना महंगा कर देगी कि लोग बैलगाड़ी पर चलने को विवश हो जाएंगे। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री वैश्विक संकट की बात करते हैं, लेकिन क्या यह संकट चार दिन पहले चुनाव के दौरान नहीं था? तब मोदी जी धुआंधार रैलियां कर रहे थे। चुनाव जीतने के लिए हर संभव-असंभव कार्य किए जा रहे थे, उस समय वैश्विक संकट याद नहीं आया। केडिया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का लक्ष्य सत्ता नहीं, बल्कि देश में लगातार लोकतंत्र को ध्वस्त करने और सद्भावना के ताने-बाने को खत्म करने की साजिश के खिलाफ लड़ना है। कांग्रेस हर तरह से जनता के साथ खड़ी है। प्रदर्शन में समीर चौधरी, महमूद अली खान, अशोक विश्वकर्मा, राजेश पुरी, इतवारी वर्मा, प्रो. मंजूर अंसारी, परेशनाथ मित्र, मो. निजाम अंसारी, धनंजय गोस्वामी, मो. मिराज अख्तर, लक्ष्मी कुमारी, मो. इशाक अंसारी, मो. सोहेल, दिनेश्वर कुमार, सुजीत मंडल, अमन मंडल, ऋषिकेश मिश्रा, शाहनवाज अंसारी, सरफराज अंसारी, छोटू रविदास, अतुल कुमार, मंसूर, राजा हसनैन अंसारी, साबिर खान, करण दास, इमामुद्दीन, मनीर आलम, बबलू मुर्मू, सुलेमान अख्तर, बिलाल अहमद, गुलाम नदीम अख्तर, मो. चांद, मनीष वर्मा, जुनेद आलम, अहमद रजा नूरी, अख्तर इमाम, सद्दाम हुसैन, जीशान अहमद, अमानत अली, करण यादव, गोल्डी नजरी, प्रवीण हेंब्रम, संतोष वर्मा, पप्पू विश्वकर्मा, ओवैस अहमद, मो. शमशाद सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन