चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं से जूझ रहे गोड्डा को बारिश से मिली राहत, मौसम हुआ सुहाना
गोड्डा में शनिवार की शाम अचानक बारिश से लोगों को राहत मिली। सुबह से चल रही तेज धूप और लू ने जनजीवन को प्रभावित किया था। हाट में खरीदारों की कमी देखी गई। शाम 4 बजे आंधी तूफान के साथ हल्की बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। मौसम विभाग ने रविवार को भी बारिश की संभावना जताई है।

गोड्डा एक प्रतिनिधि। दिन भर चिलचिलाती धूप और गर्म हवाओं से जूझ रहे लोगों को शनिवार की शाम अचानक हुई बारिश ने बड़ी राहत दी। सुबह से ही तेज धूप और लू के थपेड़ों ने जनजीवन को प्रभावित कर रखा था। सुबह 7 बजे के बाद ही धूप का असर तेज हो गया, जिससे लोग घरों से बाहर निकलने से बचते नजर आए। बाजारों और सड़कों पर भी सन्नाटा सा पसरा रहा। शनिवार को गोड्डा में लगने वाले साप्ताहिक हाट पर भी गर्मी का साफ असर देखने को मिला। हाट में खरीदारों और विक्रेताओं की संख्या सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम रही।
जो विक्रेता पहुंचे थे, वे या तो पेड़ों की छांव में या छाता लगाकर अपने सामान बेचते नजर आए, लेकिन खरीदारों की कमी से कारोबार प्रभावित रहा। इसी बीच शाम करीब 4 बजे मौसम ने अचानक करवट ली। तेज मेघगर्जन के साथ आंधी तूफान आया और हल्की बारिश शुरू हो गई। हालांकि बारिश बहुत देर तक नहीं हुई, लेकिन इसके बाद तापमान में गिरावट आई और मौसम सुहाना हो गया। गर्म हवाओं से परेशान लोगों को इससे काफी राहत मिली और वातावरण में गर्म हवा की कमी महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार आज भी मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। कृषि विज्ञान केंद्र के कृषि मौसम वैज्ञानिक रजनीश प्रसाद ने बताया कि रविवार को भी आंधी तूफान के साथ बारिश और मेघगर्जन की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। इसे देखते हुए गोड्डा समेत आसपास के इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन