झारखंड में लड़कियों के गायब होने की होगी जांच; DGP को राज्यपाल का लेटर
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने नाबालिग लड़कियों के लापता होने की घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस को हर जिले में इन मामलों की समीक्षा करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने राज्य में नाबालिग लड़कियों के लगातार लापता होने की घटनाओं पर चिंता जताई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि हर जिले में ऐसे मामलों की जांच की जाए। यही नहीं जांच को प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरा की जाए। राज्यपाल ने डीजीपी को लंबित मामलों की सूची तैयार करने और अपराधियों के मन में कानून का डर पैदा करने को कहा है।
लोक भवन की ओर से बुधवार को जारी बयान के अनुसार, राज्यपाल के निर्देश पर उनके अतिरिक्त मुख्य सचिव नितिन कुलकर्णी ने डीजीपी को नाबालिग लड़कियों के लापता होने से जुड़े मामलों के संबंध में लेटर भेजा है। लेटर में कहा गया है कि बीते कुछ दिनों से राज्य में नाबालिग लड़कियों के लापता होने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। इन मामलों में पुलिस की ओर से समय पर उचित कदम नहीं उठाए जाने के कारण गंभीर घटनाएं हो रही हैं जो चिंताजनक है।
जारी बयान में कहा गया है कि राज्यपाल ने पत्र में इन घटनाओं पर गहरी चिंता जताई है। साथ ही पुलिस के काम करने के तरीके से असंतोष जताया है। उन्होंने आदेश दिया है कि राज्य के सभी जिलों में गुमशुदगी के मामलों की जांच प्राथमिकता के आधार पर जल्द पूरी की जाए। साथ ही उन्होंने हर जिले के बाकी बचे मामलों की नई जानकारी जुटाकर लोकभवन भेजने का निर्देश भी दिया है।
जल्द से जल्द पूरी करें जांच
राज्यपाल ने निर्देश दिया कि ऐसे लंबित मामलों की जिला वार ताजा लिस्ट बनाई जाए। इस लिस्ट को लोक भवन को उपलब्ध कराया जाए। इन मामलों की जांच प्राथमिकता के आधार पर जल्द से जल्द पूरी की जाए। ऐसे अपराधों में शामिल लोगों में कानून का भय होना चाहिए। झारखंड की हर बेटी की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि सभी लड़कियां सुरक्षित वातावरण में जीवन जी सकें।
हर बेटी की सुरक्षा सबसे जरूरी
झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने लेटर में साफ किया है कि अपराधियों के मन में कानून का डर होना चाहिए। राज्य की हर बेटी की सुरक्षा सबसे जरूरी है। सभी लड़कियों को सुरक्षित और निडर माहौल मिलना चाहिए। झारखंड में नाबालिग लड़कियों के लापता होने को लेकर राज्यपाल को कई ज्ञापन मिले हैं जिसके बाद उन्होंने पूरे राज्य में इन मामलों की विशेष समीक्षा करने और जांच के निर्देश दिए हैं।




साइन इन