झारखंड में 2 दिन चलेगी हीटवेव, कब होगी बारिश; मौसम विभाग ने बताया
झारखंड के दक्षिणी हिस्सों के कुछ जिलों को छोड़कर अधिकांश जिलों में अगले दो दिन लू की स्थिति कायम रह सकती है। दक्षिणी जिलों के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाने के भी आसार हैं। 24 अप्रैल से झारखंड के कई जिलों में बादल छा सकते हैं। हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

Jharkhand Weather: झारखंड के दक्षिणी हिस्सों के कुछ जिलों को छोड़कर अधिकांश जिलों में अगले दो दिन लू की स्थिति कायम रह सकती है। दक्षिणी जिलों के कुछ हिस्सों में हल्के बादल छाने के भी आसार हैं। 24 अप्रैल से कई जिलों में बादल छा सकते हैं। हवा के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
रांची मौसम केंद्र के अनुसार, बुधवार को पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, गुमला, सिमडेगा, खूंटी आदि जगहों पर बादल छा सकते हैं। इन जगहों पर कहीं-कहीं तेज हवा के साथ बारिश का अनुमान है। जबकि 24 अप्रैल से पलामू और आसपास के छह जिलों समेत कुछ अन्य जिलों में बादल छा सकते हैं। इस दौरान तेज हवा के साथ कहीं-कहीं बारिश भी संभव है। हालांकि गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार जिलों में मौसम में बदलाव की संभावना कम है। यहां गर्मी कायम रह सकती है।
मेदिनीनगर में सबसे ज्यादा तापमान
मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान मंगलवार को राज्य में सबसे अधिक 43.4 डिग्री रहा। वहीं रांची का तापमान में थोड़ा घटकर 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को राज्य का अधिकतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री तक अधिक रहा।
कई जिले रहे लू की चपेट में
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के कई जिले मंगलवार को भी लू की चपेट में रहे। पलामू और कोल्हान प्रमंडल के जिलों के साथ ही बोकारो, कोडरमा आदि जिलों में तपिश से जनजीवन बेहाल रहा।
कई जगहों पर हुई बारिश
मौसम विभाग ने राज्य के कुछ जिलों में मंगलवार को बारिश होने की बात भी कही। पश्चिमी सिंहभूम में 14.2 मिमी, सिमडेगा में 13 मिमी, जमशेदपुर में 2.8 मिमी बारिश हुई। जबकि तोरपा, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम आदि जगह पर भी हल्की बारिश हुई। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक छत्तीसगढ़ के उत्तरी भाग पर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय है। वहीं दूसरी ओर पूर्वी बिहार से लेकर मध्य प्रदेश के दक्षिणी भाग तक एक टर्फ लाइन झारखंड और छत्तीसगढ़ से होकर गुजर रही है। इससे झारखंड में मौसम में बदलाव हुआ है।
इन जिलों में पड़ी भीषण गर्मी :-
मेदिनीनगर - 43.4
जमशेदपुर - 42.4
सरायकेला - 42.4
बोकारो - 40.2
प सिंहभूम - 40.2
पाकुड़ - 41.1
रांची - 38.6
रांची के मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य के दक्षिणी हिस्सों के कुछ जिलों को छोड़कर अगले दो दिन झारखंड में गर्मी कायम रहेगी। कोल्हान समेत सिमडेगा, खूंटी, गुमला में कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। राज्य में 24 अप्रैल से मौसम में बदलाव होने की संभावना है।




साइन इन