Father shot in the chest in front of son, why did friend commit murder in Dhanbad? बेटे के सामने पिता के सीने में मारी गोली, धनबाद में दोस्त ने क्यों किया मर्डर?, Jharkhand Hindi News - Hindustan
More

बेटे के सामने पिता के सीने में मारी गोली, धनबाद में दोस्त ने क्यों किया मर्डर?

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस घर के बंद दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसी। हालांकि तब तक वह पूरे परिवार समेत भाग निकला था।

Fri, 23 Jan 2026 09:18 AMRatan Gupta हिन्दुस्तान, धनबाद
share
बेटे के सामने पिता के सीने में मारी गोली, धनबाद में दोस्त ने क्यों किया मर्डर?

पुटकी थाना क्षेत्र की न्यू सुदामडीह कॉलोनी में मामूली विवाद में एक व्यक्ति ने बुधवार की देर रात अपने ही दोस्त की उसके पुत्र के सामने गोली मारकर हत्या कर दी। धर्मेंद्र उर्फ टीटू सिंह पर गोली मारने का आरोप लगा है। बताया जाता है एक छेड़खानी का विरोध व पुलिस से शिकायत करने से धर्मेंद्र नाराज था, इसलिए उसने न्यू सुदामडीह कॉलोनी करकेंद निवासी अजय कुमार सिंह (51) को आधी रात को गोली मार दी। परिजन अजय को पाटलिपुत्र नर्सिंग होम ले गए। वहां से उसे धनबाद मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना पाकर 10 मिनट के अंदर पुटकी थाना प्रभारी वकार हुसैन पहुंचे और मौके से एक खोखा व एक 9 एमएम की गोली बरामद की। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस घर के बंद दरवाजे को तोड़कर अंदर घुसी। हालांकि तब तक वह पूरे परिवार समेत भाग निकला था। अजय अपनी कार चलाकर परिवार का पेट पालता था। उसका अरवल जिला के करपी थाना क्षेत्र में पैतृक गांव है। उसके एक पुत्र व दो अविवाहित पुत्रियां हैं। वहीं हत्यारोपी जहानाबाद का रहने वाला था। वह बीसीसीएल के आवास में अवैध रूप से रहता था। मृतक और हत्यारोपी में पहले गहरी दोस्ती थी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:झारखंड सरकार हजारों फार्मासिस्ट का रजिस्ट्रेशन क्यों रद्द कर रही?
ये भी पढ़ें:रांची में सरस्वती पूजा पर 1000 जवान तैनात; अश्लील या भड़काऊ गाने बजाए तो…
ये भी पढ़ें:1-1 करोड़ के इनामी 5 नक्सली मारे-पकड़े गए, 2 बाकी; 3000 जवानों ने संभाला मोर्चा

थाना में छेड़खानी की शिकायत से बिगड़ा माहौल

अजय के पुत्र अविनाश सिंह ने बताया कि बुधवार की रात 12 बजे उसके पिता ने पुटकी थाना में जाकर धर्मेंद्र के खिलाफ छेड़खानी की शिकायत की थी। स्कूल जाने के क्रम में पीड़िता का धर्मेंद्र पीछा करता था। इसके बाद पुलिस ने सुदामडीह कॉलोनी आकर समझा बुझाकर सभी को घर भेज दिया। पुलिस के जाते ही धर्मेंद्र उसके पिता से उलझ गया। गाली-ग्लौज करते हुए हाथापाई करने लगा। इस दौरान धर्मेंद्र ने कुछ दूर खड़े अपने पुत्र रोबिन से घर से पिस्टल मंगवाया और उससे लेकर उसके पिता को सड़क पर सामने से सीने में गोली मार दी।

गोली बाएं सीने को भेदते हुए पीठ से निकल गई। इस दौरान धर्मेंद्र ने मुझ पर भी गोली चलाई, लेकिन गोली पिस्टल में फंस गई। इसके बाद हमलावर अपनी मां और बेटे को लेकर बाइक से फरार हो गया।