पहले 7 दिनों में आता था विक्षोभ, अब 4 दिनों में; झारखंड में हर चार दिन बाद बदल रहा मौसम
पहले के वर्षों में विक्षोभ छह से सात दिनों के अंतराल में आता था। लेकिन, इस बार तीन से चार दिनों में ही दस्तक देने लगा है। इससे हिमालय में बर्फबारी और बारिश बढ़ी है। इससे झारखंड का मौसम हर तीन से चार दिनों में बदल रहा है।

रांची समेत झारखंड में इस बार मौसम में बदलाव की प्रक्रिया में तेजी आयी है। प्रत्येक चार दिन के बाद मौसम बदल रहा है। इससे तापमान में उतार-चढ़ाव हो रहा है। विशेषकर इस फरवरी माह में दिन औसत से ज्यादा गर्म और रात औसत से ज्यादा ठंड है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार देश के उत्तर-पश्चिमी भाग में आनेवाले पश्चिमी विक्षोभ की संख्या में वृद्धि हुई है। इसके आने का अंतराल भी पहले की तुलना में छोटा हो गया है।
पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रभावित हुआ मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, फरवरी में अब तक चार विक्षोभ देश के पश्चिमोत्तर भाग में दस्तक दे चुके हैं। हालांकि, इनमें से अधिकांश विक्षोभ मैदानी भाग तक ही सीमित रहे। लेकिन, उसके प्रभाव के कारण हवा के रूख में बदलाव हुआ। विक्षोभ के कारण पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानी भागों में बारिश के बाद आनेवाली सर्द हवा से झारखंड का मौसम भी प्रभावित हुआ।
2 और विक्षोभ देंगे दस्तक
यही कारण है कि यहां रात के दौरान कुछ जिलों के तापमान अभी 5 से आठ डिग्री के बीच हैं। लगभग सभी जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य से कम चल रहा है। दिन के दौरान धूप कड़ी होने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से ज्यादा है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले छह दिनों के दौरान दो और पश्चिम विक्षोभ दस्तक देने वाले हैं।
पहले 7 दिनों में, अब 3-4 दिनों में आ रहे विक्षोभ
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि इस बार पश्चिमी विक्षोभ के आने की निरंतरता में वृद्धि हुई है। पहले के वर्षों में विक्षोभ छह से सात दिनों के अंतराल में आता था। लेकिन, इस बार तीन से चार दिनों में ही दस्तक देने लगा है। इससे हिमालय में बर्फबारी और बारिश बढ़ी है। इससे झारखंड का मौसम हर तीन से चार दिनों में बदल रहा है। इसके आने का सिलसिला राज्य में अगले सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है। 20 फरवरी के बाद इसमें कमी आएगी।




साइन इन