झारखंड के हजारीबाग में दिनदहाड़े करोड़ों की बैंक डकैती, कई किलो सोना और कैश लूटकर आरोपी फरार
पुलिस का कहना है कि जिस तरह से अपराधियों ने पूरी योजना के तहत घटना को अंजाम दिया है, उससे यह आशंका जताई जा रही है कि उन्हें बैंक से जुड़ी अंदरूनी जानकारी भी हो सकती है।

झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक बड़ी बैंक डकैती हो गई। इस दौरान अपराधियों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा को निशाना बनाते हुए करीब 7 करोड़ रुपए मूल्य का सोना और लगभग 5 लाख रुपए नकद लूट लिए। बताया जा रहा है कि बैंक की यह शाखा करीब 7-8 महीने पहले ही शुरू हुई थी। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वारदात को अंजाम देने के लिए चार की संख्या में लुटेरे पूरी तैयारी के साथ बैंक में घुसे थे। सभी ने अपने चेहरे ढंके हुए थे। इनमें से एक ने हेलमेट, एक ने मास्क और अन्य दो ने गमछा पहन रखा था। अपराधियों के हाथों में देसी हथियार थे, जिनके बल पर उन्होंने बैंककर्मियों के साथ मारपीट करते हुए उन्हें कब्जे में ले लिया।
बैंक कर्मचारियों को बंधक बना की वारदात
बैंक कर्मचारियों को बंधक बनाने के बाद अपराधियों ने कर्मचारियों से लॉकर खुलवाया और उसमें रखे सोने के आभूषण व अन्य कीमती सामान निकाल लिया। साथ ही कैश काउंटर से करीब 5 लाख रुपए भी लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बैंक को बाहर से बंद कर फरार हो गए।
बैंक का कोई कर्मचारी भी हो सकता है शामिल
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जिस तरह से अपराधियों ने पूरी योजना के तहत घटना को अंजाम दिया है, उससे यह आशंका जताई जा रही है कि उन्हें बैंक से जुड़ी अंदरूनी जानकारी भी हो सकती है।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे कई वरिष्ठ अधिकारी
घटना के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमन कुमार सहित एएसपी व अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी है तथा पड़ोसी जिलों को अलर्ट कर अपराधियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
रांची में लूट की कोशिश के दौरान गार्ड की हत्या
उधर एक अन्य घटना में प्रदेश की राजधानी रांची में एक मंदिर में लूट की कोशिश के दौरान कुछ अज्ञात बदमाशों ने 55 साल के एक सिक्योरिटी गार्ड को पीट-पीटकर मार डाला। एक सीनियर पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना गुरुवार देर रात जगन्नाथपुर पुलिस स्टेशन के इलाके में, धुर्वा स्मार्ट सिटी क्षेत्र में स्थित जगन्नाथ मंदिर में हुई।
दान पेटी का ताला तोड़ कैश निकाल लिया
रांची के SSP राकेश रंजन ने कहा, 'एक अज्ञात व्यक्ति ने मंदिर परिसर के अंदर गार्ड की हत्या कर दी। मौके से भागने से पहले, उसने वहां रखे दान पेटी का ताला तोड़कर कुछ कैश निकाल लिया।' उन्होंने आगे बताया कि CCTV फुटेज में दिखा कि आरोपी मंदिर परिसर में अंदर से खुले एक गेट से घुसा था, जबकि गार्ड सो रहा था।
जगन्नाथपुर पुलिस स्टेशन के इंचार्ज अधिकारी दिग्विजय सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल से अपराध में इस्तेमाल की गई लोहे की रॉड बरामद कर ली है, और मामले की आगे की जांच चल रही है।




साइन इन