झारखंड सरकार का बड़ा फैसला, अस्पतालों में नियुक्ति होंगे 666 स्पेशलिस्ट डॉक्टर
झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर अस्पतालों में 666 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके तहत कुल 13 प्रकार के स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की नियुक्ति के लिए कार्मिक विभाग ने झारखंड लोक सेवा आयोग को अधियाचना भेजी है।

झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था सुदृढ़ करने को लेकर अस्पतालों में 666 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके तहत कुल 13 प्रकार के विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति के लिए कार्मिक विभाग ने झारखंड लोक सेवा आयोग को अधियाचना भेजी है। इन पदों में नियमित नियुक्ति के 506, जबकि बैकलॉग नियुक्ति के 160 पद हैं। कार्मिक विभाग के उपसचिव ब्रज माधव ने जेपीएससी सचिव को इस बाबत पत्र भेजा है।
1277 डॉक्टरों की होगी नियुक्ति
राज्य में स्वास्थ्य व्यवस्था की उपलब्धता सुगम बनाने के साथ ही चिकित्सा शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए जल्द ही 942 विशेषज्ञ चिकित्सक समेत कुल 1277 चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इसके लिए राज्य के पांच मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशलिटी विभागों के संचालन को लेकर 96 अतिविशेषज्ञ एवं 180 विशेषज्ञ चिकित्सकों के अलावा अन्य अस्पतालों में 666 विशेषज्ञ एवं 335 मेडिकल अफसरों की नियुक्ति की जाएगी। उक्त सभी 1277 पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। राज्य सरकार के सभी छह मेडिकल कॉलेजों में अगले सत्र में यूजी के 220 एवं पीजी की 211 सीटें बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है। इसी आलोक में शिक्षकों की रिक्तियां भरी जा रही हैं।
जेपीएससी को नियुक्ति के लिए अधियाचना
राज्य के पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों (रिम्स को छोड़) में चिकित्सा व्यवस्था के साथ-साथ पठन-पाठन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से 180 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति की जाएगी, जिसमें 155 पद नियमित तथा 25 पद बैकलॉग श्रेणी के हैं। ये नियुक्तियां 24 विभिन्न विभागों में की जाएंगी, जिनमें मेडिसिन, सर्जरी, निश्चेतना, स्त्री एवं प्रसव रोग तथा शिशु रोग जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं। सुपर स्पेशियलिटी विभागों को सशक्त बनाने के लिए सुपर स्पेशलिटी विभागों में 96 अति विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। इन पदों में कार्डियोलॉजी, कार्डियक सर्जरी, न्यूरोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी और ऑन्कोलॉजी विभाग शामिल हैं। उक्त 276 पदों पर नियुक्ति के लिए कार्मिक विभाग की ओर से झारखंड लोक सेवा आयोग को अधियाचना भेज दी गयी है।
जॉब्स
फिजिशियन 224
शिशु रोग विशेषज्ञ 224
निश्चेतक (एनेस्थेटिस्ट) 57
स्त्री रोग विशेषज्ञ 28
रेडियोलॉजिस्ट 28
सर्जन 24
फोरेंसिक विशेषज्ञ 20
चर्म रोग विशेषज्ञ 13
अस्थि रोग विशेषज्ञ 12
मनोचिकित्सक 11
नेत्र रोग विशेषज्ञ 10
ईएनटी 09
पैथोलॉजिस्ट 04




साइन इन