जमानत पर छूटे अपराधी हर सप्ताह लगाएंगे थाने में हाजिरी, अलर्ट मोड में आई रांची पुलिस, ये वजह
किसी भी तरह की अव्यवस्था, हिंसा या चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने की आशंका को देखते हुए रांची पुलिस ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस अब दागियों पर शिकंजा कसी है।
नगर निगम चुनाव में शहर के अपराधी से लेकर उचक्के तक एक्टिव हो गए हैं। इधर, निगम चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट है। किसी भी तरह की अव्यवस्था, हिंसा या चुनावी प्रक्रिया में बाधा डालने की आशंका को देखते हुए रांची पुलिस ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। पुलिस अब दागियों पर शिकंजा कसी है।
सप्ताह और 15 दिन में लगाएंगे हाजिरी
जानकारी के अनुसार, जेल से छूटे वैसे अपराधी, जो आपराधिक घटना को अंजाम देकर जेल गए हैं और वर्तमान में जमानत पर छूटे हैं, उन्हें से थाना हाजिरी लगवायी जाएगी। सप्ताह और 15 दिन में एक बार थाना हाजिरी लगवायी जाएगी। सिटी एसपी पारस राणा ने सभी डीएसपी और थानेदार को निर्देश दिया है कि वे जेल से छूटे अपराधियों का सत्यापन करें और उनसे थाना हाजिरी लगवाएं।
बांड भी भरना होगा
नोटिस प्राप्त करने वाले सभी लोगों को संबंधित अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) के समक्ष निर्धारित तिथि को उपस्थित होना अनिवार्य होगा। वहां उन्हें शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बांड भरना होगा। बांड के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि संबंधित व्यक्ति चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अवैध या अशांति फैलाने वाली गतिविधि में शामिल नहीं होगा।
बात नहीं मानी तो पड़ेंगे लेने के देने
पुलिस प्रशासन ने साफ कर दिया है कि यदि नोटिस और बांड भरने के बावजूद कोई व्यक्ति चुनाव प्रक्रिया में बाधा डालता है, हिंसा फैलाता है या कानून व्यवस्था को नुकसान पहुंचाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्ति को जेल भी भेजा जा सकता है। नगर निगम चुनाव को देखते हुए रांची के संवेदनशील और अति संवेदनशील इलाकों में पुलिस विशेष निगरानी रख रही है। इन क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। गश्ती दल और क्विक रिस्पॉन्स टीम को भी सक्रिय किया गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति पर तुरंत काबू पाया जा सके।
रांची पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि प्रशासन की प्राथमिकता शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त चुनाव कराना है। आम नागरिक बिना किसी दबाव के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें, इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि वे अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
500 से अधिक लोगों को भेजा 163 का नोटिस
रांची पुलिस द्वारा अब तक 500 से ज्यादा लोगों को दंड प्रक्रिया संहिता की धारा-163 के तहत नोटिस जारी किया गया है। ये नोटिस उन लोगों को भेजे गए हैं, जिनके खिलाफ पूर्व में विवाद, झगड़ा, चुनाव में गड़बड़ी या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की आशंका से जुड़े रिकॉर्ड मौजूद हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पूरी तरह एहतियातन की जा रही है।
रांची पुलिस निगम चुनाव को लेकर पूरी तरह से अलर्ट है। शांति पूर्ण चुनाव कराने के लिए जेल से छूटे अपराधियों का सत्यापन कराया जा रहा है। उनसे सप्ताह में एक बार थाना हाजिरी लगवायी जाएगी। सभी थानेदारों को इससे संबंधित आदेश दिया जा चुका है। वहीं पांच सौ लोगों को अभी तक धारा 163 के तहत नोटिस भी भेजा गया है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
पुलिस प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि जरूरत पड़ने पर आगे भी ऐसे लोगों के खिलाफ नोटिस जारी किए जाएंगे, जिनसे चुनावी माहौल बिगड़ने की आशंका होगी। चुनाव समाप्त होने तक कानून व्यवस्था को लेकर सख्ती बरती जाएगी।




साइन इन