झारखंड निकाय चुनाव का नामांकन खत्म, 6979 ने भरा पर्चा, कितनी महिलाएं शामिल?
झारखंड के नौ नगर निगम समेत 48 नगर निकायों के चुनाव के लिए नामांकन बुधवार को खत्म हो गया। कुल 6979 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया है।

झारखंड के नौ नगर निगम समेत 48 नगर निकायों के चुनाव के लिए नामांकन बुधवार को खत्म हो गया। कुल 6979 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया है। इनमें 3,462 महिलाएं हैं। महापौर व अध्यक्ष पद के लिए 674 ने पर्चा भरा। वहीं वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 6305 ने पर्चा भरा।
अंतिम दिन बुधवार को 48 नगर निगम में कुल 2,588 प्रत्याशियों ने विभिन्न पदों के लिए नामांकन दाखिल किया। इनमें 275 प्रत्याशियों ने महापौर व अध्यक्ष पद के लिए नामांकन किया, वहीं 2,313 प्रत्याशियों ने वार्ड पार्षद के लिए पर्चा भरा। महापौर व अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल करनेवालों में करीब 42 प्रतिशत महिलाएं हैं, जबकि वार्ड पार्षद में 50.42% महिलाओं ने नामांकन किया।
महापौर और अध्यक्ष पद के लिए कुल 674 नामांकन में 283 नामांकन महिलाओं ने दाखिल किए हैं। इसी तरह, वार्ड पार्षद के लिए कुल 6,305 नामांकन दाखिल हुए हैं, जिनमें 3,179 महिलाएं हैं। गुरुवार को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि अभ्यर्थी छह फरवरी तक अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। सात फरवरी को अभ्यर्थियों के बीच चुनाव चिह्न का आवंटन होगा।
निकाय चुनाव के नामांकन के आखिरी दिन राज्यभर में प्रत्याशियों ने शक्ति प्रदर्शन के साथ जीत के दावे किये। राजधानी रांची में बीजेपी समर्थित रोशनी खलखो ने दिखाई ताकत, बोलीं- "जनता का आशीर्वाद ही सबसे बड़ा सहारा" नामांकन के अंतिम दिन राजधानी में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमाया रहा।
बीजेपी समर्थित रोशनी खलखो ने समर्थकों के साथ भव्य रैली निकालकर नामांकन पत्र दाखिल किया। पुराना जेल चौक से समाहरणालय तक हुए इस जुलूस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता, विधायक और वरिष्ठ नेता शामिल रहे। नामांकन के बाद रोशनी खलखो ने कहा - "नगर निगम की स्थिति सुधारना चुनौतीपूर्ण है, लेकिन जनता के आशीर्वाद से यह संभव होगा।"




साइन इन