विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने से बोकारोवासियों की बढ़ी परेशानी
चित्र परिचय: 12 :नया मोड़ बस स्टैंड । विक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने से बोकारोवासियों की बढ़ी परेशानीविक्रमशिला सेतु क्षतिग्रस्त होने से बोकारोवासिय

भागलपुर स्थित विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने व यातायात प्रभावित होने का असर अब बोकारो पर भी दिखने लगा है। सेतु पर आवागमन बाधित होने से बोकारो से सीमांचल क्षेत्र के लिए चलने वाली बस सेवाएं प्रभावित हो गई हैं। शुक्रवार को बोकारो से पूर्णिया जाने वाली नियमित बस बोकारो नहीं पहुंच सकी, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। बोकारो से सीमांचल के विभिन्न जिलों के लिए प्रतिदिन तीन से चार बसों का परिचालन किया जाता है। इनमें पूर्णिया, कटिहार, नवगछिया, सहरसा, किशनगंज और अन्य जिलों के यात्री बड़ी संख्या में सफर करते हैं। बस सेवा प्रभावित होने से यात्रियों को यात्रा स्थगित करनी पड़ रही है, वहीं कई लोग ट्रेन या निजी वाहनों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
बस सेवा में व्यवधान
बस संचालकों के अनुसार विक्रमशिला सेतु इस मार्ग का प्रमुख संपर्क माध्यम है। इसके बाधित होने से वाहनों को लंबा वैकल्पिक रास्ता अपनाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की अतिरिक्त खपत हो रही है। इसका सीधा असर किराये पर पड़ना तय माना जा रहा है। आने वाले दिनों में नवगछिया, कटिहार, सहरसा, पूर्णिया व सीमांचल के अन्य जिलों तक जाने वाली बसों के किराये में बढ़ोतरी हो सकती है।
किराये में वृद्धि की संभावना
फिलहाल बोकारो से भागलपुर तक बस यात्रा का किराया प्रति यात्री लगभग 600 रुपये है। यदि वैकल्पिक मार्ग से बसों का परिचालन जारी रहा तो यह किराया और बढ़ सकता है। वहीं पुर्णिया जाने वाले यात्रियों को 100 से 200 रूपया तक अतिरिक्त देना पड़ रहा है। 800 से 900 रूपया प्रति यात्री की दर से टिकट मिल रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि पहले ही लंबी दूरी और महंगाई के कारण सफर मुश्किल है, ऐसे में किराया बढ़ने से अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। शुक्रवार को बस स्टैंड में कई यात्री सीमांचल जाने वाली बस का इंतजार करते नजर आए। बस ऑपरेटरों ने कहा कि स्थिति सामान्य होते ही सेवाएं बहाल की जाएंगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन