रांची का कुख्यात शूटर सत्यम भाजपा नेता की हत्या में भी वांटेड, पुलिस ने किया एनकाउंटर
रांची में जमीन कारोबारी भार्गव को मारने वाला कुख्यात शूटर सत्यम पुलिस एनकाउंटर में घायल हुआ है। जांच में सामने आया है कि वह भाजपा नेता वेद प्रकाश हत्याकांड में भी शामिल था।

Ranchi Shooter Satyam Encounter: रांची के पंडरा में जमीन कारोबारी भार्गव सिंह की हत्या में शामिल कुख्यात शूटर सत्यम पाठक मंगलवार की देर रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में घायल हो गया था। उसके दोनों पैरों में गोली लगी है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कांके डैम साइड सरोवर नगर के समीप सुबह मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हुआ है। जांच में सामने आया है शूटर सत्यम भाजपा नेता प्रकाश सिंह की हत्या में भी शामिल था।
भार्गव हत्याकांड में मुख्य आरोपी विजय टेटे को पुलिस मंगलवार को ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार, भार्गव की हत्या में अपराधी सत्यम पाठक का नाम आने पर उसकी तलाश शुरू की गई। इसी बीच पता चला कि वह बक्सर भागने की फिराक में है। इस सूचना पर पुलिस की टीम मंगलवार रात में ही घेराबंदी कर बीआईटी मेसरा क्षेत्र से उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सत्यम के खुलासे
पूछताछ में सत्यम ने बताया कि भार्गव की हत्या के बाद उसने हथियार कांके डैम साइड में छुपाकर रखे हैं। हथियार बरामदगी के लिए पुलिस की टीम रात में ही उसे लेकर कांके डैम साइड सरोवर नगर पहुंची। वहां एक थैले में दो पिस्टल, आठ गोली, एक खोखा, फर्जी आधार, पैन व वोटर कार्ड के अलावा नीट जून 2024 का एडमिट कार्ड रखा मिला।
वांटेड सत्यम हत्थे चढ़ा
जांच में यह भी सामने आया है कि सत्यम धुर्वा के पूर्व पार्षद और भाजपा नेता वेद प्रकाश सिंह की हत्या में भी शामिल था। सात जुलाई 2024 को वेद प्रकाश को गोली मारी गई थी। तीन अगस्त 2024 को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी।
शाम करीब सात बजे धुर्वा बस स्टैंड के पास एक दुकान पर बैठे वेद प्रकाश सिंह पर बाइक सवार तीन अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। गोली उनकी गर्दन में लगी थी। गंभीर हालत में उन्हें इलाज के लिए एम्स दिल्ली ले जाया गया, जहां तीन अगस्त 2024 को उनकी मौत हो गई थी।
पुलिस से हथियार छीन फायरिंग करने लगा शूटर सत्यम
हथियार बरामद कर पुलिस सत्यम को लेकर लौट रही थी, उसी क्रम में उसने एक पुलिसकर्मी से हथियार छीन उसे धक्का देकर जमीन पर गिरा और ताबड़तोड़ फायरिंग करने लगा। जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की। इसी बीच मुठभेड़ की जानकारी पाकर एसएसपी राकेश रंजन, सिटी एसपी पारस राणा, कोतवाली एएसपी निखिल राय समेत कई पुलिस अधिकारी पहुंच गए। यह देख सत्यम भागने लगा। इसी दौरान पुलिस की गोली सत्यम के पैरों में लगी और वह गिर पड़ा। मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी भी घायल हो गया।




साइन इन