स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी का बड़ा ऐलान, झारखंड में बनेंगे 8 नए मेडिकल कॉलेज; इन इलाकों को होगा फायदा
झारखंड स्वास्थ्य विभाग के बजट पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वर्ष 2026-27 में आठ नए मेडिकल कॉलेज बनेंगे। पहले चरण में जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, खूंटी और सरायकेला-खरसावां में मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे।

झारखंड स्वास्थ्य विभाग के बजट पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि वर्ष 2026-27 में आठ नए मेडिकल कॉलेज बनेंगे। पहले चरण में जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, खूंटी और सरायकेला-खरसावां में, जबकि दूसरे चरण में गोड्डा, साहिबगंज और लातेहार में खुलेंगे। इसी साल रांची के ब्राम्बे में मेडिकल यूनिवर्सिटी बनेगी। उन्होंने संबोधन में शिबू सोरेन को भी नमन किया। आइए जानते हैं इन अस्पतालों में क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी।
किन इलाकों को होगा फायदा
झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने प्रदेश के 8 जिलों में नए मेडिकल कॉलेज बनवाने का ऐलान किया है। इनमें जामताड़ा, गिरिडीह, लातेहार, गोड्डा, खूंटी, सरायकेला, धनबाद और खूंटी में मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे। इससे इन जिलों के साथ ही आसपास के जिलों को भी फायदा मिलेगा।
रिम्स-2 को लेकर बड़ा अपडेट
डॉ. इरफान बुधवार को सदन में स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण, खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के अनुपूरक बजट मांग पर लाए कटौती प्रस्ताव पर जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि रांची में रिम्स-2 का निर्माण हर हाल में इसी साल शुरू किया जाएगा और इसे तीन वर्षों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसका निर्माण दो चरणों में होगा। पहले चरण में 1400 बेड और दूसरे चरण में 2600 बेड होंगे। यह एशिया का सबसे बड़ा अस्पताल होगा।
क्या बोले जयराम महतो
जेएलकेएम के विधायक जयराम महतो ने उपरोक्त विभागों की अनुदान मांग पर कटौती प्रस्ताव रखा। इस पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू और लुईस मरांडी, माले विधायक अरूप चटर्जी सहित कई अन्य ने भी बातें रखीं।
रिम्स-2 बने, कुछ अराजक तत्वों ने किया विरोध
झामुमो विधायक हेमलाल मुर्मू ने कहा कि राज्य में रिम्स 2 बनाने की जरूरत है। कुछ अराजक तत्वों ने इसका विरोध किया। सभी जिलों में ओल्ड एज की सुविधा हो। राज्य में फूड सेफ्टी ऑफिसर और जांच केंद्र बने। एम्बुलेंस सुविधा बेहतर करें। प्राइवेट हॉस्पिटल में रेगुलेटरी कमेटी बने, ताकि इन पर नियंत्रण हो सके।




साइन इन