झारखंड में रामनवमी जुलूस में डीजे पर लगी रोक, विधानसभा में भिड़ गए JMM-BJP; जमकर हुआ हंगामा
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को रामनवमी में जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध के मुद्दे पर सदन में जोरदार हंगामा हुआ। भाजपा विधायकों ने जेएमएम सरकार पर हिंदुओं को टारगेट करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। आसन के पास पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

झारखंड विधानसभा के बजट सत्र के दौरान बुधवार को रामनवमी में जुलूस के दौरान डीजे बजाने पर प्रतिबंध के मुद्दे पर सदन में जोरदार हंगामा हुआ। सत्र की कार्यवाही शुरू होते ही भाजपा विधायकों ने सरकार पर हिंदुओं को टारगेट करने का आरोप लगाते हुए नारेबाजी शुरू कर दी। आसन के पास पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।
स्पीकर रबींद्रनाथ महतो ने बजट सत्र में एक बार भी सदन बाधित नहीं होने की बात कह सदस्यों से इसे कायम रखने का आग्रह किया, पर हंगामा नहीं रुकता देख देख 12:25 बजे से 12:50 बजे तक कार्यवाही स्थगित कर दी।
क्या बोला विपक्ष
विपक्ष से भाजपा विधायक और पार्टी के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने आरोप लगाया कि रामनवमी जैसे धार्मिक पर्व पर डीजे बजाने पर पाबंदी लगाकर हिंदुओं की आस्था को निशाना बनाया जा रहा है। सरकार की नीतियों के कारण एक खास समुदाय को परेशान किया जा रहा है।
पक्ष ने क्या कहा
सत्ता पक्ष के सदस्यों ने इसका विरोध किया। इससे सदन में तीखी नोकझोंक की स्थिति बन गई। भाजपा विधायक आसन के सामने पहुंचकर नारेबाजी करने लगे। इस पर कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने कहा कि कुछ लोग समाज में नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। देश सभी का है। धार्मिक मुद्दों को राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है। हंगामे से ध्यानाकर्षण प्रस्तावों पर चर्चा नहीं हो सकी। जबकि अध्यक्ष लगातार सदस्यों से संयम बरतने और सदन की गरिमा बनाए रखने की अपील करते रहे।
पूरा हिन्दुस्तान खतरे में : मंत्री
संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने कहा कि डीजे बजाने के समय को लेकर सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट निर्देश है। इस मुद्दे को धार्मिक रंग देना ठीक नहीं है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय हालात का जिक्र करते हुए कहा कि आज सिर्फ हिंदू नहीं, बल्कि पूरा हिन्दुस्तान खतरे में है। ऐसे समय में देश को मजबूत बनाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी इस समय रहतीं तो विश्व को भारत की ताकत का अहसास करा देतीं।




साइन इन