पाकिस्तान में 322 रुपये हो गई पेट्रोल की कीमत, शहबाज शरीफ जनता से करने लगे मिन्नतें
ईरान युद्ध की वजह से पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 322 रुपये और डीजल 335 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है। इसी बीच शहबाज शरीफ ने अपनी आवाम से अपील की है कि लोग गैरजरूरी सफर ना करें और बेवजह मोटरसाइकल ना चलाएंं।
ईरान युद्द और तेल संकट के बीच जहां भारत ने पेट्रोल और डीजल पर एक्साइज ड्यूटी घटाकर जनता को राहत दी है तो वहीं पाकिस्तान के हालात एकदम उलटे हैं। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने वीडियो संदेश जारी करते हुए अपनी आवाम से अपील की है कि लोग यात्रा करने से बचें और जहां तक हो सके मोटर बाइक का भी इस्तेमाल ना करें।
शहबाज शरीफ ने कहा कि तेल की कीमतों में इजाफे से जनता को बचाने की कोशिश की जा रही है लेकिन इसमें आपके भी सहयोग की जरूरत है। शहबाज शरीफ ने दावा किया कि जंग को रुकवाने के लिए वह पूरी कोशिश कर रहा है। शहबाज शरीफ ने कहा, आज से शुरू होने वाला यह हफ्ता शुरू हो रहा है इसमें भी पेट्रोल और डीजल पर बेतहाशा कीमत बढ़ाने की बात कही गई है लेकिन सरकार इसका बोझ खुद उठाएगी। इस हफ्ते इसके लिए सरकार पर 56 अरब रुपये का बोझ आएगा। आपको यह बोझ नहीं उठाना पड़ेगा।
मोटरसाइकल कम चलाने की सलाह
शहबाज शरीफ ने कहा, आज के दिन पाकिस्तान में पेट्रोल की कीमत 544 रुपये प्रति लीटर होनी चाहिए थी। लेकिन आपको इसे सिर्फ 322 रुपये में हासिल कर रहे हैं। इसी तरह डीजल की कीमत भी 790 रुपये प्रति लीटर होनी चाहिए थी। लेकिन हुकूमत आपको डीजल सिर्फ 335 रुपये प्रति लीटर में दिलवा रही है। ताकि आप पर बोझ ना पड़े और आपकी मुश्किलात में इजाफा ना हो। शरीफ आगे कहते हैं, आज वह समय आ गया है कि कि हम अपनी रोजमर्रा जिंदगी में बदलाव करें। सफर करने से पहले सोचें कि क्या यह सफर जरूरी है। क्या हर बार गाड़ी या मोटरबाइक को निकालना जरूरी है।
शहबाज शरीफ ने कहा कि दुनियाभर में कीमतें दो गुना हो चुकी हैं और पेट्रोल पंप पर लंबी लाइनें लगी हैं। इस मुश्किल समय का मुकाबला करने के लिए जो भी हम योजना बना रहे हैं उसमें जनता के सहयोग की जरूरत है। इसका ऐलान कुछ ही दिनों में किया जाएगा। शहबाज शरीफ ने इस संकट को तूफान बताया।
बता दें कि पाकिस्तान दावा यह भी कर रहा है कि वह ईरान और अमेरिका-इजरायल के युद्ध में मध्यस्थता करने वाला है। दूसरी ओर सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा था जिसमें दावा किया गया कि पाकिस्तान के झंडे वाले एक तेल के टैंकर को ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट में निशाना बनाया है। इस टैंकर से काला धुआं उठता देखा जा सकता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन