Looting Petrol Follows Accident in Kanpur Tanker Explodes People Cart Away Fuel in Drums and Buckets यूपी में एक्सीडेंट के बाद पेट्रोल की लूट, टैंकर फटते ही ड्रम, बाल्टियों में तेल भर ले गए लोग, Uttar-pradesh Hindi News - Hindustan
More

यूपी में एक्सीडेंट के बाद पेट्रोल की लूट, टैंकर फटते ही ड्रम, बाल्टियों में तेल भर ले गए लोग

कानपुर में के गुजैनी एलिवेटेड पुल पर शुक्रवार देर शाम पेट्रोल लदे टैंकर में अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया और फिर उसमें से पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया।

Sat, 28 March 2026 12:15 AMDinesh Rathour कानपुर दक्षिण
share
यूपी में एक्सीडेंट के बाद पेट्रोल की लूट, टैंकर फटते ही ड्रम, बाल्टियों में तेल भर ले गए लोग

Kanpur News: यूपी के कानपुर में हादसा हो गया। गुजैनी एलिवेटेड पुल पर शुक्रवार देर शाम पेट्रोल लदे टैंकर में अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। जिससे टैंकर क्षतिग्रस्त हो गया और फिर उसमें से पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया। इसके बाद मानो पेट्रोल की लूट मच गई। पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाह के बीच लोग ड्रम, बाल्टी, बोतल में पेट्रोल भरकर भागने लगे। इस घटना के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। हालांकि ‘हिन्दुस्तान’ वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को खदेड़ा। इसके बाद फायरब्रिगेड की मौजूदगी में दूसरा टैंकर मंगवाकर पेट्रोल खाली कराया गया। इस दौरान हाईवे की एक लेन पर जाम लगा रहा।

बांदा तिंदवारी के जबलपुर गांव निवासी टैंकर चालक मुन्ना प्रसाद ने बताया कि वह रायपुर स्थित एचपीसीएल के डिपो से टैंकर में पेट्रोल भरवाकर शिवराजपुर जा रहा था। गुजैनी एलिवेटेड पुल पर टैंकर खराब हो गया। इस पर टैंकर को साइड में करके मिस्त्री बुलवाकर ठीक कराने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहा वाहन टैंकर को साइड से टक्कर मारते हुए निकल गया। किनारे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे पेट्रोल का रिसाव शुरू हो गया।

भीड़ देखकर बुलाई गई पुलिस

एमसील लगाने के बाद भी पेट्रोल का रिसाव बंद नहीं हुआ। आसपास के लोगों से बाल्टी मांगी और बताया कि टैंकर से पेट्रोल गिर रहा। इतना सुनते ही जिसके हाथ में जो लगा वह लेकर पेट्रोल भरने दौड़ पड़ा। लोगों की भीड़ देख तत्काल कंपनी और पुलिस को सूचना दी। कुछ देर में पुलिस ने पहुंचकर स्थिति को संभाल लिया। गोविंदनगर थाना प्रभारी रिकेश कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस, फायरब्रिगेड और एचपीसीएल के अधिकारियों की मौजूदगी में पेट्रोल को दूसरे टैंकर में खाली करवाया गया।

लेटेस्ट Hindi News, Lucknow News, Meerut News, Ghaziabad News, Agra News, Kanpur News , Pareet Yadav Death Live और UP News अपडेट हिंदी में पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।