चीन में जिनपिंग से मिल रहे थे डोनाल्ड ट्रंप, उधर रूस ने तेज कर दी जंग; यूक्रेन पर खूब बरसे मिसाइल
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप चीन की यात्रा पर शी जिनपिंग से मुलाकात कर रहे थे, उसी दौरान रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमला किया। गुरुवार तड़के हुए इस हमले में कीव के डार्नित्सिया जिले में एक नौ मंजिला अपार्टमेंट ब्लॉक पूरी तरह ढह गया।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप चीन की यात्रा पर शी जिनपिंग से मुलाकात कर रहे थे, उसी दौरान रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर ड्रोन और मिसाइल हमला किया। गुरुवार तड़के हुए इस हमले में राजधानी कीव के डार्नित्सिया जिले में एक नौ मंजिला अपार्टमेंट ब्लॉक पूरी तरह ढह गया। इस घटना में कम से कम चार लोग मारे गए और 33 घायल हुए। देश के अन्य शहरों में भी हमलों में जान-माल का नुकसान होने की खबर है। यूक्रेन के राष्ट्रपति वलोडिमिर जेलेंस्की ने कहा कि रूस ने बैलिस्टिक और क्रूज मिसाइलों सहित 1560 से ज्यादा ड्रोन लॉन्च किए। उन्होंने इसे 'सामूहिक हमला' बताया। यह गुरुवार को लगातार तीसरा दिन था जब रूस ने यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। ये हमले 9-11 मई के युद्धविराम के बाद हुए, जिसका पालन करने की अपील अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने जेलेंस्की और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से की थी। हालांकि, 72 घंटे के दौरान भी लड़ाई जारी रही, लेकिन उसकी तीव्रता कम थी।
कीव में भयावह तबाही
बताया जा रहा है कि अहले सुबह कीव के डार्नित्सिया इलाके में 9 मंजिला इमारत के मलबे से धुआं उठता दिखा। आपातकालीन टीमों ने कंक्रीट के ढेर हटाकर लोगों को बचाया। गृह मंत्री इगोर क्लिमेंको ने बताया कि विस्फोट स्थल पर 30 से ज्यादा लोग घायल हुए, 28 निवासियों को बचाया गया और कम से कम 10 लोग अब भी लापता हैं। इमारत के सभी 18 अपार्टमेंट पूरी तरह नष्ट हो गए। आसपास की इमारतों की खिड़कियां टूट गईं। 78 वर्षीय स्थानीय निवासी ल्यूडमिला ग्लुश्को ने बताया कि सुबह करीब तीन बजे कई विस्फोट हुए। घर बुरी तरह हिल गया और जोरदार धमाका हुआ। शीशे टूट गए। कीव के सैन्य प्रशासन प्रमुख तैमूर तकाचेंको ने बताया कि राजधानी के छह जिलों में नुकसान हुआ। इसके अलावा क्रेमेनचुक, बिला त्सेरकवा, खार्किव, सुमी और ओडेसा को भी निशाना बनाया गया। खार्किव में तीन बच्चों समेत 28 लोग घायल हुए हैं।
क्या है यूक्रेन की वायु सेना का दावा?
यूक्रेनी वायु सेना ने बताया कि रात भर में 693 रूसी हमलावरों को मार गिराया या निष्क्रिय किया गया, जिनमें 41 मिसाइलें और 652 ड्रोन शामिल थे। फिर भी 15 मिसाइलें और 23 ड्रोन 24 जगहों पर अपना निशाना बना सके। ऊर्जा अवसंरचना पर हमलों से कीव समेत 11 क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। वहीं, राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि यह हमला बुधवार को हुए दिनदहाड़े हमले के कुछ घंटों बाद हुआ, जिसमें 800 ड्रोन शामिल थे और कम से कम छह लोग मारे गए थे।
यूक्रेन के विदेश मंत्री ने क्या कहा?
यूक्रेन के विदेश मंत्री एंड्री सिबिहा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ठीक उसी समय जब दुनिया के सबसे शक्तिशाली नेता बीजिंग में शांति और स्थिरता की बात कर रहे हैं, पुतिन ने कीव पर सैकड़ों ड्रोन और मिसाइलें दाग दीं। उन्होंने कहा कि मॉस्को अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा है और केवल अमेरिका-चीन के संयुक्त दबाव से ही पुतिन को युद्ध रोकने के लिए मजबूर किया जा सकता है। बता दें कि यह हमला ऐसे समय हुआ है जब ट्रंप और पुतिन दोनों हाल ही में युद्ध समाप्त करने की संभावना जता रहे थे। अब रूस के इन हमलों ने शांति की उम्मीदों को जोरदार झटका दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन