एक हाथ छाता, दूसरे में स्टीयरिंग; हिमाचल रोडवेज की बदहाली, बस चालक का डराने वाला VIDEO
हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक एक खस्ताहाल बस का चौंकाने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें ड्राइवर छत से टपकते बारिश के पानी से बचने के लिए छाता लगाकर बस चलाता नजर आ रहा है।

हिमाचल प्रदेश के चंबा-होली रूट पर HRTC की एक खस्ताहाल बस का वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें ड्राइवर छत से टपकते बारिश के पानी से बचने के लिए छाता लगाकर बस चला रहा है। भारी बारिश के बीच बस की छत से पानी टपकने के कारण ड्राइवर एक हाथ में छाता पकड़े हुए है तो दूसरे हाथ से बस की स्टीयरिंग संभालता नजर आ रहा है। लोग इस वायरल वीडियो पर तरह तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। यूजर्स ने वीडियो को HRTC की बदहाली उजागर करने वाला बताया है। साथ ही इसे यात्रियों की सुरक्षा के साथ मजाक बताते हुए सरकार और निगम प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
एक हाथ में छाता, दूसरे में स्टीयरिंग
बताया जाता है कि एक पैसेंजर ने यह वीडियो बनाया और ऑनलाइन अपलोड किया। उसने बताया है कि यह घटना रविवार को हिमाचल प्रदेश के चंबा-होली रूट पर हुई। इसमें ड्राइवर एक हाथ में छाता तो दूसरे से स्टीयरिंग को संभालते हुए पैसेंजर बस चला रहा है। वीडियो बनाने वाले के मुताबिक ड्राइवर को ऐसा इसलिए करना पड़ रहा है क्योंकि बस की छत टपक रही थी।
पानी से बचने की जद्दोजहद
इस वायरल वीडियो को देखकर साफ लग रहा है कि बारिश की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम है और चालक बारिश के पानी से बचने की जद्दोजहद करते हुए बस को एक मुश्किल, पहाड़ी रास्ते से लेकर गुजर रहा है। वायरल वीडियो में ड्राइवर को छाता पकड़े हुए देखा जा सकता है। वीडियो को देखकर साफ लग रहा है कि वह बस की छत से टपकते पानी से खुद को बचाने के लिए ऐसा कर रहा है।
लोग जान जोखिम में डालने पर मजबूर
वायरल वीडियो में हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (HRTC) की यह बस होली की तरफ जाते हुए तीखे मोड़ लेती हुई दिखाई दे रही है। वीडियो में दिख रहे पैसेंजर ने आरोप लगाया कि हिमाचल के आदिवासी और दूरदराज के इलाकों के लोगों को ऐसी खस्ताहाल बसों में सफर करके अपनी जान जोखिम में डालने पर मजबूर होना पड़ रहा है। HRTC मैनेजमेंट और सरकार को इस मामले पर तुरंत ध्यान देना चाहिए।
सुरक्षित बस सेवा उपलब्ध कराए HRTC
वीडियो बनाने वाला शख्स यह भी कह रहा है कि हिमाचल पथ परिवहन निगम यानी एचआरटीसी को सुरक्षित और भरोसेमंद बस सेवा उपलब्ध करानी चाहिए। हालांकि वीडियो में ड्राइवर का चेहरा दिखाई नहीं दे रहा है। इस प्रकरण और वायरल वीडियो पर हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारियों से उनकी प्रतिक्रिया जानने की कोशिश की गई लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। यह बस कांगड़ा के बैजनाथ-पथियार और होली के बीच चलती है।
लोग बोले पहले भी आ चुके है ऐसे वीडियो
बताया जाता है कि बस रोजाना सुबह करीब 6 बजे चंबा से होली के लिए रवाना होती है। यह घटना रविवार की है। रविवार को सुबह इस इलाके में भारी बारिश हुई थी। स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले भी कई बार ऐसे वीडियो सामने आ चुके हैं। इनमें छत पानी टपकने, खिड़कियां टूटी होने और बस के रास्ते में ही खराब हो जाने जैसी समस्याएं आ चुकी हैं। लोग इस वीडियो को सोशल मीडिया पर शेयर करते हुए कह रहे हैं कि यह हिमाचल पथ परिवहन निगम की बदहाली का नमूना है जो यात्रियों की सुरक्षा के प्रति घोर लापरवाही दिखा रहा है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन