हिमाचल में 5 साल की बच्ची से 15 साल के लड़के ने की दरिंदगी, अलग-अलग समुदाय का होने से फैला तनाव
बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने बताया कि आरोपी पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के एक गांव में शनिवार को उस समय तनाव फैल गया, जब 15 साल के एक लड़के ने 5 साल की बच्ची के साथ दरिंदगी कर डाली। पुलिस ने बताया कि दुष्कर्म की यह वारदात शुक्रवार को हुई और आरोपी लड़के ने बच्ची को खेत में ले जाकर उसके साथ वारदात को अंजाम दिया। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने आरोपी के घर को नुकसान पहुंचाया। पुलिस ने बताया कि आरोपी और पीड़िता दोनों एक ही गांव के रहने वाले हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया।
वारदात की खबर गांव में फैलते ही आरोपी लड़के के घर के बाहर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई और उन्होंने आरोपी के घर में जमकर तोड़फोड़ कर डाली। इस दौरान उन्होंने आरोपी के घर के दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दीं और बाहर खड़े स्कूटर में भी आग लगा दी। पुलिस ने बताया कि यह हंगामा शुक्रवार रात तक जारी रहा। यहां तक कि भीड़ ने आरोपियों को उनके हवाले करने की मांग भी की, लेकिन पुलिस किसी तरह भीड़ को शांत करने में कामयाब रही और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर वहां से वापस भेज दिया।
शनिवार को पहुंच गए हिंदू संगठनों के लोग
इसी बीच शनिवार सुबह पीड़िता के घर के बाहर बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद के सदस्यों के जमा होने से माहौल तनावपूर्ण बना रहा। इसी दौरान गांव में जारी विरोध प्रदर्शनों और हंगामे के बीच स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दिया कड़ी से कड़ी कार्रवाई का आश्वासन
बिलासपुर के एसपी संदीप धवल ने बताया कि पुलिस ने शनिवार को आरोपी को हिरासत में ले लिया, साथ ही बताया कि आरोपी पर यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे सक्षम न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। उन्होंने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही प्रशासन ने स्थानीय निवासियों से संयम बरतने और कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील भी की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन