कौन हैं कविंदर गुप्ता, जिन्हें बनाया गया हिमाचल प्रदेश का नया राज्यपाल
लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का गवर्नर बनाया गया। इस बात की जानकारी गुरुवार रात को राष्ट्रपति भवन की तरफ से दी गई।

लद्दाख के उपराज्यपाल कविंदर गुप्ता को हिमाचल प्रदेश का गवर्नर बनाया गया। इस बात की जानकारी गुरुवार रात को राष्ट्रपति भवन की तरफ से दी गई। वहीं अबतक हिमाचल प्रदेश का गवर्नर पद संभाल रहे शिव प्रताप शुक्ला को तेलंगाना का राज्यपाल नियुक्त किया गया है। 2 दिसंबर 1959 को जन्मे कविंदर के परिवार में पत्नी के अलावा तीन बच्चे भी हैं। जिनमें दो बेटियां और एक बेटा है।
उपमुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष भी रह चुके
हिमाचल के नए राज्यपाल कविंदर गुप्ता जम्मू-कश्मीर विधानसभा के स्पीकर और उप मुख्यमंत्री रहने के साथ ही जम्मू के मेयर भी रह चुके हैं। इसके बाद उन्हें लद्दाख का उपराज्यपाल बनाया गया था। गुप्ता ने पिछले साल 18 जुलाई को केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख के तीसरे उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली थी। वे करीब साढ़े सात महीने तक इस पद पर रहे और अब उन्हें हिमाचल प्रदेश के गवर्नर की जिम्मेदारी दी गई है।
साल 2005 से 2010 के बीच जम्मू के महापौर रहे
कविंदर गुप्ता पहले भी सरकार और अपनी पार्टी दोनों में कई अहम पदों पर रह चुके हैं। वह 2018 में BJP-PDP सरकार के दौरान J&K के डिप्टी चीफ मिनिस्टर थे। जम्मू शहर के जानीपुर इलाके के रहने वाले 66 वर्षीय वरिष्ठ भाजपा नेता साल 2005 से 2010 तक लगातार तीन बार जम्मू के महापौर भी रह चुके हैं। उन्होंने BJP की राज्य इकाई के महासचिव के तौर पर भी काम किया था।
इसके अलावा 1993 से 1998 तक वह लगातार दो बार भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) की J&K इकाई के अध्यक्ष भी रहे। कविंदर गुप्ता साल 2014 के विधानसभा चुनाव में गांधी नगर सीट से पहली बार MLA चुने गए थे। इसके बाद, उन्हें बिना किसी विरोध के हाउस का स्पीकर चुना गया। उनके सार्वजनिक जीवन की शुरुआत विश्व हिंदू परिषद (VHP) के सेक्रेटरी के तौर पर काम करते हुए हुई थी और इमरजेंसी के दौरान करीब 13 महीने वह जेल में भी रहे थे।
पार्टी ने आखिरी समय में बदल लिया था उम्मीदवार
2002 और 2008 के विधानसभा चुनावों में, गुप्ता को शुरू में जम्मू पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा का जनादेश मिला था, लेकिन पार्टी ने आखिरी समय में अपने उम्मीदवार बदल दिए। 2014 के विधानसभा चुनावों में, उन्हें जम्मू शहर के गांधी नगर विधानसभा क्षेत्र में भेज दिया गया, जिसे तब कांग्रेस का गढ़ माना जाता था, जहां उन्होंने वरिष्ठ कांग्रेस नेता रमन भल्ला को हराया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन