panchayat and local body elections webcasting of vote counting for first time in himachal पंचायत निकाय चुनाव: हिमाचल में पहली बार काउंटिंग की होगी वेबकास्टिंग, क्या तैयारी?, Himachal-pradesh Hindi News - Hindustan
More

पंचायत निकाय चुनाव: हिमाचल में पहली बार काउंटिंग की होगी वेबकास्टिंग, क्या तैयारी?

हिमाचल प्रदेश चुनाव आयोग ने पारदर्शिता के लिए पहली बार मतगणना और संवेदनशील केंद्रों की वेबकास्टिंग (लाइव निगरानी) का निर्णय लिया है। इतना ही नहीं नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में वीडियोग्राफी होगी।

Thu, 14 May 2026 06:23 PMKrishna Bihari Singh लाइव हिन्दुस्तान, शिमला
share
पंचायत निकाय चुनाव: हिमाचल में पहली बार काउंटिंग की होगी वेबकास्टिंग, क्या तैयारी?

हिमाचल प्रदेश में होने वाले पंचायती राज संस्थाओं और शहरी निकाय चुनावों को लेकर राज्य चुनाव आयोग ने इस बार नई व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है। प्रदेश में पहली बार जिला परिषद, बीडीसी और नगर निगम चुनावों की मतगणना की वेबकास्टिंग की जाएगी। इसके जरिए राज्य चुनाव आयोग और जिला प्रशासन मतगणना केंद्रों की लाइव निगरानी कर सकेगा। आयोग ने इस संबंध में सभी जिला उपायुक्तों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।

कब-कब काउंटिंग?

राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, पंचायत चुनावों की मतगणना मतदान वाले दिन ही पूरी कर ली जाएगी जबकि जिला परिषद और बीडीसी सदस्यों की मतगणना 31 मई को होगी। इन सभी महत्वपूर्ण मतगणना केंद्रों पर वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।

क्या तैयारी?

आयोग ने यह भी साफ किया है कि केवल मतगणना केंद्रों तक ही निगरानी सीमित नहीं रहेगी, हिमाचल प्रदेश के अति संवेदनशील और संवेदनशील मतदान केंद्रों पर भी वेबकास्टिंग के जरिए नजर रखी जाएगी। आयोग का मानना है कि इससे चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी, विवाद या शिकायत की संभावना को कम किया जा सकेगा।

निष्पक्ष चुनाव कराने की दिशा में बड़ा कदम

राज्य चुनाव आयोग के अधिकारी और संबंधित जिला प्रशासन वेबकास्टिंग के जरिए लगातार लाइव मॉनिटरिंग करेंगे। इससे किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई करना आसान होगा। आयोग का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में तकनीक के इस्तेमाल से व्यवस्था अधिक मजबूत और विश्वसनीय बनेगी। हिमाचल प्रदेश में पहली बार अपनाई जा रही यह व्यवस्था निष्पक्ष चुनाव कराने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।

नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों के लिए अलग व्यवस्था

हालांकि आयोग ने दूरदराज और नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों के लिए भी अलग व्यवस्था की है। जिन इलाकों में इंटरनेट या नेटवर्क सुविधा उपलब्ध नहीं होगी, वहां चुनाव प्रक्रिया की रिकॉर्डिंग के लिए विशेष रूप से वीडियोग्राफरों की तैनाती की जाएगी। इससे पूरी चुनावी प्रक्रिया का रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जा सकेगा।

निकाय चुनाव के लिए 17 मई मतदान

बता दें कि हिमाचल में निकाय चुनाव के लिए मतदान 17 मई को होगा। इस दौरान नगर पंचायत, नगर परिषद और चार नगर निगमों सोलन, मंडी, पालमपुर और धर्मशाला के लिए वोट डाले जाएंगे। नगर पंचायतों व नगर परिषदों के पार्षदों के लिए मतगणना मतदान के बाद जबकि नगर निगमों के चुनाव की मतगणना 31 मई को होगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल में कर्मियों के DA पर HC ने सुक्खू सरकार से मांगा जवाब, 4 हफ्ते की मोहलत

3 चरणों में 26, 28 और 30 मई को पंचायत चुनाव

वहीं, हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव 3 चरणों में 26, 28 और 30 मई को होंगे। प्रदेश में कुल 31,182 पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। इनमें 3,754 प्रधान, 3,754 उपप्रधान, 21,654 वार्ड सदस्य, 1,769 बीडीसी सदस्य और 251 जिला परिषद सदस्य शामिल हैं। प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्य पदों की मतगणना मतदान के तुरंत बाद होगी जबकि जिला परिषद और बीडीसी चुनाव की मतगणना 31 मई को की जाएगी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल में आशा वर्कर्स पंचायत चुनाव लड़ सकती हैं या नहीं, कोर्ट ने कर दिया साफ
read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:हिमाचल में कब्जाधारियों की बहुएं भी नहीं लड़ सकेंगी पंचायत चुनाव; HC की मुहर

रिपोर्ट- यूके शर्मा

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।