मनाली की बर्फ में फंसे सैलानी; ‘मुनाफा नहीं मदद’ का संदेश, होटलों के लिए सख्त एडवाइजरी
Himachal Pradesh Weather: हिमाचल प्रदेश में भारी बर्फबारी के बाद मुश्किलें भी खड़ी हो गई हैं। मनाली-कुल्लू-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर पर्यटकों के वाहन फंसे हैं। इस बीच प्रशासन ने एडवाइजरी जारी की है।

हिमाचल प्रदेश के कुल्लू के विख्यात हिल स्टेशन मनाली में हुई भारी बर्फबारी के बाद पहाड़ों की खूबसूरती के साथ मुश्किलें भी सामने आई हैं। मनाली-कुल्लू-चंडीगढ़ नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक जाम, जगह-जगह फिसलन, अन्य बंद सड़कें और सैकड़ों पर्यटक वाहन रास्तों में फंसे हुए हैं। सड़क कनेक्टिविटी बाधित होने और ट्रैफिक जाम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर यात्रियों को अनावश्यक यात्रा न करने की सलाह दी गई है।
मुनाफा नहीं मदद का संदेश
इसी हालात के बीच जिला पर्यटन विकास अधिकारी ने होटल, होमस्टे, गेस्ट हाउस, टैक्सी ऑपरेटर और अन्य पर्यटन से जुड़े सभी कारोबारियों के लिए एक अहम एडवाइजरी जारी की है। इसमें साफ हिदायत दी गई है कि भारी बर्फबारी और सड़क कनेक्टिविटी बाधित होने की स्थिति में सैलानियों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जाए, न कि मुनाफे के लिए हालात का फायदा उठाया जाए। सैलानियों की हर संभव मदद की जाए।
जबरन चेक-आउट पर ना दें जोर
एडवाइजरी में कहा गया है कि किसी भी होटल या होमस्टे की ओर से सैलानियों को जबरन चेक-आउट करने पर जोर न दिया जाए, खासतौर पर तब जब सड़कें बंद हों, नेशनल हाईवे पर ट्रैफिक जाम हो या सड़क बहाली की आधिकारिक पुष्टि न हुई हो। जहां संभव हो, पर्यटकों को तब तक ठहरने की अनुमति दी जाए जब तक यात्रा सुरक्षित न हो जाए।
निकलने के लिए प्रेरित न करें
होटल प्रबंधन को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे सैलानियों को यात्रा की सलाह देने से पहले जिला प्रशासन या पुलिस से सड़क क्लीयरेंस की स्थिति की पुष्टि करें और बिना पुख्ता जानकारी के किसी को भी निकलने के लिए प्रेरित न करें।
फंसे सैलानियों की करें मदद
पर्यटन विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि सभी होटल, होमस्टे और अन्य आतिथ्य इकाइयां फंसे सैलानियों के साथ पूरा सहयोग करें और उन्हें सुरक्षित यात्रा मार्ग, मौसम की स्थिति और परिवहन की उपलब्धता को लेकर सही और भ्रामक-रहित जानकारी दें।
पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने पर जोर
एडवाइजरी में जरूरी सामानों जैसे भोजन, पीने का पानी, बिजली बैक-अप और हीटिंग की पर्याप्त व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है जिससे खराब मौसम के दौरान पर्यटकों को बुनियादी जरूरतों के लिए परेशान न होना पड़े।
अधिक किराया नहीं वसूलें
सबसे सख्त निर्देश ओवरचार्जिंग को लेकर हैं, जिसमें कहा गया है कि कोई भी होटल, होमस्टे, रेस्तरां या टैक्सी ऑपरेटर तय और प्रदर्शित दरों से अधिक किराया या सेवा शुल्क नहीं वसूलेगा और न ही बर्फबारी, सड़क बंद होने या ट्रैफिक जाम का फायदा उठाकर मनमाने और अनुचित शुल्क लगाएगा। सड़क हालात को लेकर गलत या भ्रामक जानकारी देकर सैलानियों को समय से पहले यात्रा के लिए मजबूर करना भी सार्वजनिक सुरक्षा के हित में सख्ती से हतोत्साहित किया गया है।
आधिकारिक सूचना पर करें भरोसा
पुलिस और जिला प्रशासन ने पर्यटकों, होटल कारोबारियों, टैक्सी ऑपरेटरों, परिवहनकर्ताओं और स्थानीय लोगों से अपील की है कि वे अफवाहों से बचें, केवल आधिकारिक सूचनाओं पर भरोसा करें और संयम, धैर्य और सहयोग के साथ इस आपदा-जैसे हालात से निपटें, जिससे मनाली और कुल्लू जिले में खराब मौसम के बीच जान-माल की सुरक्षा और व्यवस्था को सुचारू बनाए रखा जा सके।
रिपोर्ट- यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन