हिमाचल भवनों में कमरे महंगे, फिलहाल पुरानी दरें ही रहेंगी लागू; लेकिन कब तक?
हिमाचल भवनों के बढ़े किराए पर फिलहाल रोक रहेगी। सुक्खू सरकार ने हिमाचल भवनों के चयनित कमरों का किराया बढ़ाकर 4,000 रुपये प्रति रात (सभी कर सहित) तय किया है।

हिमाचल प्रदेश सरकार ने दिल्ली और चंडीगढ़ स्थित हिमाचल भवन व हिमाचल सदन औऱ शिमला में विली पार्क सर्किट हाउस में कमरों के किराए बढ़ाने के फैसले पर आंशिक रोक जैसी स्थिति स्पष्ट की है। सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) ने कहा है कि संशोधित दरें लागू तो की गई हैं, लेकिन ऑनलाइन पोर्टल अपडेट होने तक पुराने किराए ही प्रभावी रहेंगे।
ऑनलाइन सिस्टम अपडेट तक नहीं बढ़ेगा किराया
बुधवार शाम जारी अधिसूचना के अनुसार, हिमाचल भवनों, हिमाचल सदन और विली पार्क सर्किट हाउस में 24 कमरों को आम जनता के लिए ‘हिमातिथि पोर्टल’ के जरिए ऑनलाइन बुकिंग हेतु उपलब्ध कराया जाएगा। हालांकि, इस पोर्टल में नई दरों को लागू करने की प्रक्रिया अभी जारी है। ऐसे में जब तक यह तकनीकी अपडेट पूरा नहीं हो जाता, तब तक सभी कमरों के लिए पुरानी दरें ही लागू रहेंगी।
पहले की अधिसूचना में 4,000 रुपये तय किया गया था किराया
इससे पहले की अधिसूचना में सरकार ने हिमाचल भवन/सदन (नई दिल्ली), हिमाचल भवन (चंडीगढ़) और विली पार्क सर्किट हाउस, शिमला के चयनित कमरों का किराया बढ़ाकर 4,000 रुपये प्रति रात (सभी कर सहित) तय किया था। यह बढ़ोतरी 2025 की अधिसूचना में आंशिक संशोधन के रूप में की गई थी।
कमरों के आवंटन और नियम भी तय
सरकार ने यह भी स्पष्ट किया है कि कमरों के 30% और 50% आवंटन की पुष्टि क्रमशः रात 12 बजे और शाम 5 बजे तक की जाएगी। साथ ही, केवल उसी व्यक्ति को कमरे में ठहरने की अनुमति होगी, जिसके नाम पर बुकिंग की गई है- प्रॉक्सी ठहराव पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) को भी अतिथियों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
किन कमरों के लिए तय हुई नई दरें
18 अप्रैल 2026 की अधिसूचना में जिन 24 कमरों का किराया बढ़ाकर 4,000 रुपये प्रति रात (सभी कर सहित) तय किया गया था, उनमें नई दिल्ली स्थित हिमाचल भवन के कमरे नंबर 405, 406, 407, 307, 308, 309 और 310 शामिल हैं। हिमाचल सदन, नई दिल्ली के कमरे नंबर 303, 304, 101 और 102 भी इस सूची में हैं।
पोर्टल में बदलाव होने तक पुरानी दरें
वहीं, चंडीगढ़ स्थित हिमाचल भवन के कमरे नंबर 202, 203, 204, 107, 108 और 109 तथा शिमला के विली पार्क सर्किट हाउस के कमरे नंबर 512, 514, 522, 523, 411, 412 और 414 के लिए भी यही नई दर तय की गई थी। हालांकि, 22 अप्रैल को जारी पत्र के अनुसार, इन कमरों को आम जनता के लिए ऑनलाइन उपलब्ध कराने की प्रक्रिया जारी है और पोर्टल में बदलाव होने तक इन पर पुरानी दरें ही लागू रहेंगी।
दिल्ली और चंडीगढ़ में स्थित हैं हिमाचल भवन
हिमाचल भवन नई दिल्ली और चंडीगढ़ में स्थित हैं, जबकि हिमाचल सदन भी नई दिल्ली में ही है। ये भवन हिमाचल प्रदेश से बाहर जाने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण ठहराव स्थल हैं। यहां हिमाचल से आने वाले आम लोगों के साथ-साथ सरकारी अधिकारी, नेता, विधायक, मंत्री और कर्मचारी भी ठहरते हैं। इन भवनों का संचालन हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (HPTDC) करता है।
किराए में लगातार बढ़ोतरी का इतिहास
हिमाचल भवन और सदन में कमरों के किराए में पिछले कुछ वर्षों में लगातार बढ़ोतरी हुई है। पहले यहां एक कमरे का किराया करीब 400 रुपये हुआ करता था। वर्ष 2023 में इसे बढ़ाकर 1,200 रुपये किया गया था। अब सरकार ने चुनिंदा कमरों के लिए इसे बढ़ाकर 4,000 रुपये प्रति रात तय करने का निर्णय लिया है, जिससे बाहर जाने वाले लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
रिपोर्ट- यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन