हिमाचल में निकाय चुनावों का ऐलान, 17 मई को होगा मतदान; केवल 4 जगह पार्टी सिंबल पर होगी वोटिंग
चुनावों में बड़ी संख्या में मतदाता हिस्सा लेंगे, जिनमें करीब 1 लाख 80 हजार पुरुष और 1 लाख 79 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 589 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।

हिमाचल प्रदेश में शहरी निकाय चुनाव का बिगुल बज गया है और 17 मई को मतदान कराया जाएगा। इस दिन सुबह 7 बजे से दोपहर 3 बजे तक वोट डाले जाएंगे। राज्य चुनाव आयुक्त अनिल खाची ने मंगलवार को शिमला में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते हुए यह जानकारी दी।
खाची ने बताया कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों के लिए मतगणना उसी दिन कर ली जाएगी, जबकि नगर निगमों के वोटों की गिनती 31 मई को संबंधित निगम मुख्यालयों में होगी। आयोग ने बताया कि सिर्फ 4 नगर निगम सीटों पर पार्टी सिंबल पर चुनाव होगा, बाकी जगह राजनीतिक दलों के चिन्हों का इस्तेमाल नहीं होगा।
4 नगर निगम समेत 51 निकायों में होगा चुनाव
चुनाव आयुक्त खाची के अनुसार इस बार राज्य के 51 शहरी निकायों में चुनाव कराए जाएंगे, जिनमें चार नगर निगम (मंडी, सोलन, पालमपुर और धर्मशाला) शामिल हैं। इसके अलावा 25 नगर परिषद और 22 नगर पंचायतों में भी चुनाव होंगे। नामांकन की प्रक्रिया 29, 30 अप्रैल और 2 मई को पूरी की जाएगी। इसके बाद 4 मई को नामांकन पत्रों की छंटनी होगी और 6 मई तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे।
केवल इन जगहों पर पार्टी सिम्बल पर होगा चुनाव
राज्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि चारों नगर निगमों (मंडी, सोलन, पालमपुर और धर्मशाला) में चुनाव पार्टी चिन्हों पर होंगे, जबकि नगर परिषद और नगर पंचायत के चुनाव बिना पार्टी चिन्ह के कराए जाएंगे। ऐसे में नगर निगम चुनावों को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
करीब 3.59 लाख मतदाता लेंगे चुनाव में हिस्सा
उन्होंने बताया कि चुनावों में बड़ी संख्या में मतदाता हिस्सा लेंगे, जिनमें करीब 1 लाख 80 हजार पुरुष और 1 लाख 79 हजार महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान के लिए कुल 589 मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे, ताकि चुनाव प्रक्रिया सुचारु रूप से पूरी हो सके।
विधानसभा चुनाव से पहले की अहम परीक्षा
इस चुनाव में सत्ताधारी कांग्रेस और विपक्षी दल भाजपा की साख दांव पर रहेगी और दोनों ही दल चारों नगर निगमों में जीत दर्ज करने के लिए पूरी ताकत लगाएंगे। राज्य में अगले साल के अंत में विधानसभा चुनाव भी प्रस्तावित हैं, ऐसे में इन चुनावों को उससे पहले एक अहम राजनीतिक परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है।
अनिल खाची ने यह भी बताया कि पंचायत चुनावों की घोषणा फिलहाल नहीं की गई है, लेकिन अगले एक सप्ताह के भीतर इसके कार्यक्रम का भी ऐलान किया जाएगा। बता दें कि राज्य के चारों नगर निगमों का पांच साल का कार्यकाल 12 अप्रैल को समाप्त हो चुका है, जिसके बाद अब नए प्रतिनिधियों के चुनाव के लिए यह कार्यक्रम घोषित किया गया है।
रिपोर्ट : यूके शर्मा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन