अब कॉफी भी नकली, दिल्ली में बड़े रैकेट का खुलासा; 20 लाख रुपए का माल बरामद, कई राज्यों में होनी थी सप्लाई
पुलिस अधिकारी ने बताया कि, 'इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन भारद्वाज (38), संजय बंसल (50), उत्तम दास (23) और पपाई दास बाराग्या उर्फ पंकज (19) के रूप में हुई है। सभी आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं।'

दिल्ली पुलिस ने पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में नकली एंटासिड पाउडर और नकली कॉफी उत्पाद बनाने वाले एक बड़े संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस मामले में पुलिस ने कई फ्लेटों पर छापा मारकर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया और उनसे करीब 20 लाख रुपए का सामान भी जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि गिरोह के मास्टरमाइंट की पहचान नितिन भारद्वाज (38) के रूप में हुई है, जिसे देहरादून से दबोचा गया।
इस बारे में जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले उत्पादों को बनाने का गोरखधंधा किराए के फ्लैटों में चल रहा था, इस दौरान यहां नकली एंटासिड के पैकेट और नकली कॉफी प्रोडक्ट बनाए और पैक किए जा रहे थे। पुलिस ने बताया कि यहां बनने वाले नकली कॉफी के प्रोडक्ट्स देश के कई राज्यों में सप्लाई किए जाने थे।
दिल्ली के रहने वाले हैं सभी आरोपी
पुलिस अधिकारी ने बताया कि, 'इस मामले में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नितिन भारद्वाज (38), संजय बंसल (50), उत्तम दास (23) और पपाई दास बाराग्या उर्फ पंकज (19) के रूप में हुई है। सभी आरोपी दिल्ली के रहने वाले हैं।'
भारी मात्रा में तैयार और कच्चा माल बरामद
पुलिस ने इस कार्रवाई को खुफिया सूचना के आधार पर अंजाम दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस की टीमें जब छापा मारने के लिए मौके पर पहुंचीं तो सभी यूनिट पूरी तरह से प्रोडक्शन के काम में लगी हुई थीं। इस दौरान पुलिस ने वहां से करीब एक लाख नकली एंटासिड के पैकेट और लगभग 50 हजार नकली कॉफी के पैकेट जब्त किए, जिन्हें अलग-अलग राज्यों में सप्लाई के लिए भेजा जाना था। इसके साथ ही मौके से भारी मात्रा में नकली कॉफी पाउडर बनाने का कच्चा माल, पैकेजिंग का सामान और मशीनें भी जब्त की गईं।
छापेमारी के दौरान बरामद हुआ इतना माल:
- नकली एंटासिड (गैस की दवा) के 1 लाख से ज्यादा पाउच।
- नकली कॉफी के लगभग 50,000 पाउच।
- भारी मात्रा में कच्चा माल, पैकेजिंग का सामान और अन्य मशीनें।
नितिन भारद्वाज निकला मुख्य आरोपी
आगे जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि, 'गिरफ्तार आरोपियों ने पूछताछ के दौरान खुलासा किया कि यह रैकेट पिछले दो महीनों से मुख्य आरोपी नितिन भारद्वाज के इशारे पर चल रहा था। बाद में उसे देहरादून से गिरफ्तार किया गया, जबकि संजय बंसल को कश्मीरी गेट के पास से तब गिरफ्तार किया गया, जब वह शहर छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था।'
कंपनी के प्रतिनिधियों द्वारा जांच किए जाने पर इस बात की पुष्टि हो गई कि जब्त किए गए प्रोडक्ट नकली थे। इस मामले में केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।




साइन इन