गुरुग्राम प्रशासन ने 'बंदर' के कब्जे से छुड़ाई 25 करोड़ की सरकारी जमीन, 50 झुग्गियां और अवैध बोरवेल ध्वस्त
अधिकारियों ने बताया कि यह अतिक्रमण हटाओ अभियान GMDA की एनफोर्समेंट विंग, गुरुग्राम नगर निगम (MCG), CIA सेक्टर 31 यूनिट और सेक्टर 65 पुलिस थाने के अधिकारियों की एक बड़ी संयुक्त टीम के सहयोग से चलाया गया।

गुरुग्राम जिला प्रशासन और पुलिस ने सोमवार को शहर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए सेक्टर-63 के कुख्यात अपराधी 'बंदर' द्वारा अवैध रूप से कब्जाई गई करीब आधा एकड़ सरकारी जमीन को मुक्त करा लिया। अधिकारियों ने बताया कि मुक्त कराई गई इस जमीन की बाजार मूल्य लगभग 25 करोड़ रुपए है।
अधिकारियों ने बताया कि इस जमीन पर कादरपुर गांव के रहने वाले नितेश उर्फ 'बंदर' ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा था। लगभग 25 करोड़ रुपए की कीमत वाली इस जमीन पर उसने करीब 50 झुग्गियाँ तान दी थीं, और कई बोरवेल कराते हुए उन्हें किराये पर उठा दिया था, बदले में वह उनसे किराया वसूल रहा था। जिसके बाद सोमवार को गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMDA) ने पुलिस के साथ मिलकर जमीन को कब्जे से मुक्त करा लिया।'
जमीन पर तन गई थी झुग्गियां और कबाड़ गोदाम
कार्रवाई के बारे में जानकारी देते हुए एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह जगह अवैध गतिविधियों का अड्डा बन गई थी, जिसमें लगभग 50 अवैध झुग्गियां, दो कबाड़ के गोदाम और कई अवैध बोरवेल शामिल थे। आरोप है कि इन बोरवेल का इस्तेमाल आरोपी द्वारा इलाके में पानी की अवैध सप्लाई का नेटवर्क चलाने के लिए किया जाता था। पुलिस के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है, जिसमें मारपीट, झपटमारी, अपहरण और रंगदारी जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं।
100 पुलिसकर्मियों की निगरानी में हुई कार्रवाई
इस अतिक्रमण हटाओ अभियान को अंजाम देने के लिए पुलिस ने पहले इस जगह को चिह्नित किया और फिर GMDA के प्रवर्तन दस्ते, नगर निगम गुरुग्राम (MCG) और पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई। फिर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर करीब 100 पुलिसकर्मियों को तैनात करते हुए कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
कई विभागों के तालमेल से दिया गया काम को अंजाम
अधिकारियों ने बताया कि यह अतिक्रमण हटाओ अभियान GMDA की एनफोर्समेंट विंग, गुरुग्राम नगर निगम (MCG), CIA सेक्टर 31 यूनिट और सेक्टर 65 पुलिस थाने के अधिकारियों की एक बड़ी संयुक्त टीम के सहयोग से चलाया गया। कार्रवाई से पहले GMDA के DTP (एनफोर्समेंट) आर.एस. बाथ ने दो बार इस जगह का निरीक्षण भी किया था, जिसके बाद अवैध कब्जों को हटाने के लिए एक विस्तृत रणनीति तैयार की गई।




साइन इन