जिम जाने वाली युवतियों को धोखेबाजों से बचाने सूरत पुलिस की नई गाइडलाइंस, जरूरी किए यह सब काम
पुलिस ने बताया कि हाल ही में कुछ ऐसे मामले सामने आए थे, जिनमें ट्रेनर ने महिला सदस्यों के फोन नंबर लिए, उन्हें पर्सनल मैसेज भेजे और बाद में उन पर रिलेशनशिप बनाने का दबाव डाला। जिसके बाद पुलिस ने यह नई गाइडलाइन जारी की।

गुजरात में सूरत शहर की पुलिस ने जिम जाने वाली महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए और उन्हें कथित रूप से लव जिहाद से बचाने के लिए जिम संचालकों के लिए कुछ नई सख्त गाइडलाइंस जारी की हैं। इन नए और कड़े नियमों के तहत अब ट्रेनरों का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन जरूरी होगा। पुलिस ने यह कदम हाल ही में इससे जुड़ी कुछ शिकायतें मिलने के बाद उठाया है। इन शिकायतों में आरोप लगाया गया था कि कुछ जिम ट्रेनर महिला सदस्यों के मोबाइल नंबर हासिल कर उन्हें प्यार के जाल में फंसाते हैं और फिर बाद में उन्हें ब्लैकमेल करते हैं।
ऐसी शिकायतों के बाद पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) ने वेसु, पिपलोद, रांदेर, अडाजन और पाल समेत शहर के कई इलाकों के जिम संचालकों के साथ बैठक की और इस बारे में सख्त गाइडलाइंस जारी कीं। इस बारे में जानकारी देते हुए DCP राजदीपसिंह नकुम ने कहा कि अब जिम संचालकों के लिए ट्रेनरों का बैकग्राउंड वेरिफिकेशन करना जरूरी होगा।
ट्रेनरों को काम पर रखने से पहले करनी होगी जांच
उन्होंने कहा कि जिम मालिकों को ट्रेनरों को काम पर रखने से पहले उनकी पहचान, पिछला रिकॉर्ड और आचरण की भी पूरी तरह से जांच करनी होगी। साथ ही, चेतावनी दी कि किसी भी लापरवाही पर मैनेजमेंट के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने जिम संचालकों को सख्त हिदायत देते हुए कहा कि जिम फिटनेस सेंटर ही रहने चाहिए और उन्हें युवतियों को परेशान करने या गलत कामों की जगह नहीं बनना चाहिए।

लगाने होंगे वीडियो के साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग वाले कैमरे
इसके साथ ही पुलिस ने जिम संचालकों को जिम में वीडियो के साथ-साथ ऑडियो रिकॉर्डिंग यानी दोनों सुविधाओं वाले CCTV कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने कहा कि इससे ट्रेनरों और महिला सदस्यों के बीच होने वाली बातचीत पर नजर रखने और अगर कोई शिकायत मिलती है तो उसे वेरिफाई करने में मदद मिलेगी। अधिकारी ने कहा कि फुटेज होने से पुलिस टीमें समय-समय पर उसकी जांच भी कर सकती हैं।
कई शिकायतें सामने आने के बाद उठाया कदम
पुलिस ने बताया कि हाल ही में कुछ ऐसे मामले सामने आए थे, जिनमें ट्रेनर ने महिला सदस्यों के फोन नंबर लिए, उन्हें पर्सनल मैसेज भेजे और बाद में उन पर रिलेशनशिप बनाने का दबाव डाला। सूरत पुलिस द्वारा जारी किए गए नए नियमों के अंतर्गत जिम ट्रेनरों द्वारा महिला सदस्यों को पर्सनल मैसेज भेजने पर पाबंदी लगाई गई है, साथ ही किसी भी नियम का उल्लंघन करने पर ट्रेनर और जिम ऑपरेटर दोनों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के लिए कहा है।
समय-समय पर फीडबैक लेती रहेगी पुलिस
पुलिस ने समय-समय पर जिमों में औचक निरीक्षण करने और बुजुर्गों के साथ ही अन्य सदस्यों से फीडबैक लेने की बात भी कही है। पुलिस डीसीपी नकुम ने चेतावनी दी कि अगर छेड़छाड़, ब्लैकमेल या जबरदस्ती धर्म बदलने की कोशिश जैसी कोई भी क्रिमिनल एक्टिविटी पाई जाती है, तो सख़्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जिम और उनके स्टाफ का एक ऑनलाइन डेटाबेस बनाने पर भी विचार कर रही है, हालांकि पुलिस की इस तरह की सख्ती बरते जाने की तैयारियों को देखते हुए शहर के जिम ऑपरेटरों ने चिंता भी जताई है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन