फाइनल में न्यूजीलैंड की पिटाई पर दिल्ली और गुजरात पुलिस ने लिए मजे; UP पुलिस भी बढ़ाई हंसी
तीसरे टी20 वर्ल्ड कप की जीत से जहां एक तरफ फैन्स बेहद उत्साहित थे तो दूसरी तरफ देश के तीन राज्यों के पुलिस महकमों ने भी खूब मजे लिए। शुरुआत दिल्ली पुलिस ने की।

टी-20 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड का जो हाल किया वह कीवी टीम के लिए किसी सदमे से कम नहीं। पहले तो गेंदबाजों की जमकर धुनाई और फिर बल्लेबाजों की जल्दी-जल्दी विदाई। भारत ने फाइनल मैच को एकतरफा बनाकर जीत लिया। तीसरे टी20 वर्ल्ड कप की जीत से जहां एक तरफ फैन्स बेहद उत्साहित थे तो दूसरी तरफ देश के तीन राज्यों के पुलिस महकमों ने भी खूब मजे लिए। शुरुआत दिल्ली पुलिस के एक मजेदार ट्वीट से हुई, जिस पर गुजरात और यूपी पुलिस ने भी ऐसी बात कही कि आपको भी हंसी आ जाएगी।
दरअसल, दिल्ली पुलिस ने भारतीय टीम की बैटिंग के दौरान न्यूजीलैंड के बॉलर्स की कुटाई देखकर एक ट्वीट किया। अहमदाबाद पुलिस को टैग करते हुए लिखा गया, 'कीवी की तरफ से आपको बॉल गुमशुदगी की शिकायतें मिल सकती हैं। इसे गंभीरता से ना लें। हमारे बल्लेबाज उन्हें स्टैंड के बाहर भेज रहे हैं।' अहमदाबाद पुलिस ने इसके जवाब में लिखा, ‘हमारे ध्यान में यह बात लाने के लिए धन्यवाद। मामले की जानकारी वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को दी गई है।’
इस बातचीत में यूपी पुलिस की एंट्री ने मामले को और मजेदार बना दिया। यूपी पुलिस ने लिखा, 'केस स्टेटस अपडेट। पहले शिकायत- गेंद गुमशुदा हो रहे हैं। नई शिकायत-पूरी बैटिंग लाइनअप लापता है। हमारा अनुमान- यह कानून व्यवस्था की समस्या नहीं। ये बुमराह की वजह से है।'
भारत ने बैटिंग में किया धमाल और बॉलिंग भी कमाल
अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी चुनी। इस फैसले को गलत साबित करते हुए भारतीय बल्लेबाजों ने तीसरे ओवर से ऐसी पिटाई शुरू की, कि एक बार को तो लगा कि स्कोर करीब 300 तक पहुंच सकता है। संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईसान किशन से लेकर शिवम दुबे तक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। भारतीय टीम ने कुल 18 छक्के लगाए और निर्धारित ओवर में 5 विकेट खोकर 255 का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारतीय टीम की गेंदबाजी भी शानदार रही। जसप्रीत बुमराह ने 4 विकेट लेकर मेहमान टीम को हार का मुंह देखने पर मजबूर कर दिया।




साइन इन