भगवान महावीर जन्म कल्याणक पर गुजरात आएंगे PM मोदी, गांधीनगर में संग्रहालय का करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री ने शनिवार को दुनिया भर के लोगों को बधाई देते हुए लिखा, 'नवरोज के विशेष अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। प्रार्थना है कि यह वर्ष समृद्धि और खुशियों से भरा हो। सभी स्वस्थ रहें और उनकी समस्त मनोकामनाएं पूर्ण हों। नवरोज मुबारक।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 31 मार्च को भगवान महावीर जन्म कल्याणक के अवसर पर गुजरात के गांधीनगर का दौरा कर सकते हैं। सूत्रों का कहना है कि अपनी इस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री जैन समुदाय को समर्पित एक विशेष संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। यह संग्रहालय जैन आचार्य पद्म सागर सूरीश्वर महाराज के जीवन की घटनाओं और उनकी शिक्षाओं पर आधारित है, साथ ही इसमें उनकी आध्यात्मिक यात्रा को भी बताया गया है। इसमें उनके पदविहार (आध्यात्मिक यात्राओं) से जुड़े दस्तावेज और यादगार चीजों को भी शामिल किया गया है, जो उनके धार्मिक योगदान और शिक्षाओं की जानकारी देते हैं।
जैन विरासत और तप का परिचय
संग्रहालय को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि यहां आने वाले लोगों को जैन धर्म की तपस्या के तरीकों, समुदाय की आध्यात्मिक विरासत और प्राचीन परंपराओं की गहराई से समझ मिल सके। प्रधानमंत्री की संभावित यात्रा को देखते हुए गांधीनगर में इसके लिए जोरों पर तैयारियां भी शुरू हो गई हैं।
की थी 2.5 लाख किलोमीटर की पदयात्रा
आचार्य पद्म सागर सूरीश्वर महाराज ने अपने जीवनकाल में लगभग 2.5 लाख किलोमीटर की पदयात्रा (पदविहार) की थी, जो जैन परंपरा में अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जाती है। संग्रहालय में उनकी इस लंबी यात्रा से जुड़े दस्तावेजों और स्मृतियों को संजोया गया है।
दुर्लभ चीजों का संग्रह देखने का मिलेगा मौक
इस संग्रहालय में हस्तलिखित ग्रंथों, शिलालेखों, प्राचीन मूर्तियों, पीतल की कलाकृतियों और विभिन्न धार्मिक आख्यानों को दर्शाने वाले चित्रों का एक समृद्ध संग्रह रहेगा, जो विभिन्न धार्मिक कथाओं और आध्यात्मिक विषयों को दर्शाएगा।
नवरात्रि के तीसरे दिन मां चंद्रघंटा को किया नमन
इससे पहले शनिवार को, चैत्र नवरात्रि के तीसरे दिन, PM मोदी ने देवी दुर्गा के तीसरे रूप मां चंद्रघंटा को नमन किया। इस बारे में X पर शेयर की एक पोस्ट में, PM मोदी ने देवी से प्रार्थना की कि वे सभी को एक मजबूत, समृद्ध और सौभाग्यशाली जीवन का आशीर्वाद दें। अपनी पोस्ट में PM मोदी ने लिखा, 'मां चंद्रघंटा को प्रणाम! माता से प्रार्थना है कि वे हर किसी को सशक्त, समृद्ध और सौभाग्यपूर्ण जीवन का आशीष दें। पिण्डजप्रवरारूढा चण्डकोपास्त्रकैर्युता। प्रसादं तनुते मह्यं चन्द्रघण्टेति विश्रुता॥'
बता दें कि चैत्र नवरात्रि हिंदू नव वर्ष की शुरुआत का प्रतीक है और यह देवी दुर्गा को समर्पित सबसे महत्वपूर्ण त्योहारों में से एक है। नौ दिनों तक, भक्त देवी के नौ रूपों की पूजा करते हैं, उपवास रखते हैं, और समृद्धि तथा कल्याण के लिए आशीर्वाद मांगने हेतु अनुष्ठान करते हैं। यह त्योहार बाद में राम नवमी के साथ समाप्त होता है, जो भगवान राम के जन्म का उत्सव है। मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ती है, और पूरे देश में विशेष प्रार्थनाएं, जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
ईद पर की नेकी और भाईचारा बढ़ने की कामना
इसके अलावा शनिवार को ईद-उल-फितर के अवसर पर भी प्रधानमंत्री ने देशवासियों को शुभकामनाएं दीं, और सभी के लिए खुशी, स्वास्थ्य और भाईचारे की कामना की। X पर शेयर की एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, 'ईद-उल-फितर की हार्दिक शुभकामनाएं। यह दिन हर तरफ भाईचारा और नेकी को बढ़ाए। सभी लोग खुश और स्वस्थ रहें। ईद मुबारक!'
पारसियों के पर्व नवरोज की शुभकामनाएं भी दीं
इसके साथ ही शनिवार को पारसियों का त्योहार नवरोज भी मनाया गया। इस मौके पर प्रधानमंत्री ने दुनिया भर के लोगों को बधाई देते हुए लिखा, 'नवरोज़ के विशेष अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं। प्रार्थना है कि यह वर्ष समृद्धि और खुशियों से भरा हो। सभी स्वस्थ रहें और उनकी समस्त मनोकामनाएँ पूर्ण हों। नवरोज़ मुबारक!'
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन