One thing is clear, Kejriwal speaks, pleased with performance of AAP in the Gujarat civic polls एक बात तो साफ है…; गुजरात निकाय चुनाव में AAP के जबरदस्त प्रदर्शन से खुश होकर केजरीवाल बोले, Gujarat Hindi News - Hindustan
More

एक बात तो साफ है…; गुजरात निकाय चुनाव में AAP के जबरदस्त प्रदर्शन से खुश होकर केजरीवाल बोले

AAP गुजरात अध्यक्ष गढ़वी ने पार्टी की सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि 'नर्मदा जिला पंचायत में आम आदमी पार्टी को बहुमत प्राप्त हुआ। गुजरात के 34 जिलों में से हमने 1 जिला पंचायत जीती, जबकि कांग्रेस को एक भी नहीं मिली।

Tue, 28 April 2026 10:45 PMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, गांधी नगर, गुजरात
share
एक बात तो साफ है…; गुजरात निकाय चुनाव में AAP के जबरदस्त प्रदर्शन से खुश होकर केजरीवाल बोले

गुजरात में हुए स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम मंगलवार को घोषित कर दिए गए, जिसमें आम आदमी पार्टी ने पिछली बार के मुकाबले शानदार प्रदर्शन किया। हालांकि वह किसी नगर पालिका या नगर निगम पर जीत तो दर्ज नहीं कर पाई, लेकिन एक जिला पंचायत जीतने में कामयाब रही। इस दौरान पार्टी ने 500 से 600 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के विजयी होने का दावा किया। इसी जीत के बाद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने खुशी जताते हुए सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की और गुजरात की जनता का आभार जताया। वहीं उनकी इसी पोस्ट को पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी रीपोस्ट किया और पार्टी के जीते हुए प्रत्याशियों को बधाई दी। अपनी पोस्ट में उन्होंने चुनाव के दौरान अपने कार्यकर्ताओं पर पुलिस द्वारा अत्याचार करने का आरोप लगाया, साथ ही कहा कि इन परिणामों से स्पष्ट है कि गुजरात से कमल को उखाड़ने के लिए जनता अब 'झाड़ू' पर भरोसा कर रही है।

केजरीवाल ने गढ़वी की पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, 'गुजरात के निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी के सभी जीते हुए उम्मीदवारों को बहुत-बहुत बधाई। गुजरात में हमारे सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर FIR हुई, उन्हें जेल में डाला गया लेकिन फिर भी उन्होंने डटकर चुनाव लड़ा। आम आदमी पार्टी ने पिछली बार की तुलना में लगभग 10 गुना सीटें ज़्यादा जीती हैं।' आगे उन्होंने कहा, 'जिस तेजी के साथ गुजरात में आम आदमी पार्टी आगे बढ़ रही है, एक बात तो साफ है कि गुजरात से कमल को उखाड़ने के लिए जनता अब 'झाड़ू' पर भरोसा कर रही है।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुजरात निकाय चुनाव में कई उलटफेर; RJ आभा व रवींद्र जडेजा की बहन का क्या रहा हाल

गढ़वी का दावा हम 600 से ज्यादा सीटें जीत रहे

इससे पहले गुजरात AAP के अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने अपनी पोस्ट में लिखा था, 'गुजरात की जनता का आभार। पिछले एक महीने में 170 से अधिक FIR दर्ज होने और हमारे कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर जेल में डाले जाने के बावजूद भी जनता ने हमें भरपूर समर्थन दिया। आम आदमी पार्टी ने अपनी सीटों में लगभग 10 गुना से अधिक वृद्धि की है। पिछली बार हमने 69 सीटें जीती थीं, और अभी के अनुसार लगभग 650 सीटें हम जीत रहे हैं।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुजरात निकाय चुनाव में BJP की प्रचंड जीत, सभी 15 नगर निगमों में लहराया भगवा

गढ़वी बोले- हमने वो किया जो कांग्रेस भी ना कर सकी

गढ़वी ने पार्टी की सफलता की जानकारी देते हुए बताया कि 'नर्मदा जिला पंचायत में आम आदमी पार्टी को बहुमत प्राप्त हुआ। गुजरात के 34 जिलों में से हमने 1 जिला पंचायत जीती, जबकि कांग्रेस को एक भी नहीं मिली। हमने 10 से अधिक तालुका पंचायतों में जीत हासिल की है। डेडियापाड़ा विधानसभा की सभी 11 जिला पंचायत सीटों पर आम आदमी पार्टी ने जीत दर्ज की, जबकि बीजेपी शून्य पर रही। हम गुजरात की जनता का दिल से आभार व्यक्त करते हैं और इसी विश्वास व समर्थन के साथ आगे भी एक मजबूत विपक्ष के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।'

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:पार्टी ऑफिस में चाय देने वाले को BJP ने दिया था गुजरात में टिकट, क्या रहा परिणाम

पार्टी ने किया 500 से ज्यादा सीटें जीतने का दावा

उधर आम आदमी पार्टी की गुजरात ईकाई ने सोशल मीडिया पर एक पोस्टर शेयर करते हुए बताया कि उसने राज्य में इन स्थानीय निकाय चुनावों में 5244 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जिसमें से उसने 500 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं पार्टी के अनुसार 1500 से ज्यादा सीटें ऐसी हैं, जिन पर वह दूसरे स्था पर रही। पार्टी का कहना है कि वह गुजरात की जनता की आवाज बन रही है।

आतिशी ने भी दी सोशल मीडिया के जरिए बधाई

गुजरात में पार्टी को मिली जबरदस्त कामयाबी पर प्रतिक्रिया देते हुए दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया पर लिखा, 'गुजरात के निकाय चुनावों में आम आदमी पार्टी के सभी विजयी उम्मीदवारों को हार्दिक शुभकामनाएं। कठिन परिस्थितियों के बावजूद सैकड़ों कार्यकर्ताओं पर FIR, कई साथियों को जेल का सामना फिर भी हमारे कार्यकर्ताओं ने हिम्मत नहीं हारी और पूरी मजबूती से चुनाव लड़ा। इसका परिणाम यह रहा कि इस बार पार्टी ने पिछली बार के मुकाबले लगभग 10 गुना अधिक सीटें जीतकर एक मजबूत उपस्थिति दर्ज की है। पूरी टीम को बहुत बहुत बधाई!'

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।