गुजरात निकाय चुनाव में भाजपा की प्रचंड जीत, सभी 15 नगर निगमों में लहराया भगवा; बाकी जगह क्या रहा हाल?
सत्तारूढ़ भाजपा ने राज्य की सभी नौ नगर निगमों में जीत हासिल करते हुए क्लीन स्वीप कर दिया। वर्तमान चुनाव नतीजों से ना केवल यह स्पष्ट हो गया कि राज्यभर में ना केवल भगवा लहर बरकरार है, बल्कि प्रमुख शहरी केंद्रों में तो यह और भी तेज हो गई है।

गुजरात के स्थानीय निकाय चुनावों की मंगलवार को हुई मतगणना में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए राज्य की सभी 15 नगर निगमों में अपना परमच लहरा दिया। साथ ही उसने राज्य भर की 9900 से ज्यादा सीटों में से 7,487 सीटें भी जीत लीं। इस तरह उसने कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों को काफी पीछे छोड़ दिया। राज्य निर्वाचन आयोग (SEC) द्वारा मंगलवार शाम तक जारी आंकड़ों के अनुसार कांग्रेस ने 1,740 सीटें हासिल की हैं, जबकि निर्दलीय, आम आदमी पार्टी (AAP), AIMIM सहित अन्य दलों ने 700 से ज्यादा सीटें जीती हैं।
राज्य निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार सत्तारूढ़ भाजपा ने सभी 15 नगर निगमों में जीत हासिल कर ली थी। इस दौरान उसने अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, भावनगर, जामनगर, सुरेंद्रनगर, जामनगर, पोरबंदर, करमसाद-आणंद, नाडियाड, नवसारी, वापी, सूरत और मोरबी के नगर निगमों में कुल सीटों में से आधे से अधिक सीटें जीतकर बहुमत हासिल कर लिया।
34 में से 33 जिला पंचायतों में भाजपा की जीत
भाजपा ने सभी 15 नगर निगमों के अलावा 34 में से 33 जिला पंचायतों में भी जीत दर्ज की। पार्टी ने सुरेंद्रनगर में 32 में से 31, राजकोट में 36 में से 34, अमरेली व अहमदाबाद में 34 में से 31, सूरत में 36 में से 31, बोटाद में 20 में से 19, महिसागर में 28 में से 26, और पाटण में 50 प्रतिशत सीटें हासिल कीं, जबकि नर्मदा जिला पंचायत में भाजपा को बड़ा झटका लगा, जहां आम आदमी पार्टी ने 22 में से 15 सीटें जीतकर सत्ताधारी पार्टी को केवल 7 सीटों तक सीमित कर दिया।
जिला और तालुका पंचायतों का ऐसा रहा हाल
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित आंकड़ों के अनुसार 250 तालुका पंचायतों और 84 नगरपालिकाओं में भी भाजपा को बढ़त मिली, जबकि कुछ निकाय कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और निर्दलीयों के खाते में गए। भाजपा ने तालुका पंचायतों में 3,132 सीटें, जिला पंचायतों में 765 सीटें, नगरपालिकाओं में 1,827 सीटें और नगर निगमों में 748 सीटें जीतीं। जबकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस ने तालुका पंचायतों में 1,050, जिला पंचायतों में 136, नगरपालिकाओं में 459 और नगर निगमों में 95 सीटें हासिल की हैं। आम आदमी पार्टी ने राज्य में 500 से ज्यादा सीटों पर जीत दर्ज की है।
नगर निगम सीटों पर हुई थी 55.1 प्रतिशत वोटिंग
इससे पहले मंगलवार सुबह राज्य भर के सभी केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सुबह नौ बजे से मतगणना शुरू हुई। इन चुनावों के लिए रविवार 26 अप्रैल को 15 नगर निगमों, 84 नगरपालिकाओं, 34 जिला पंचायतों और 260 तालुका पंचायतों के लिए मतदान हुआ था।
मौजूदा चुनाव में लगभग 4.18 करोड़ मतदाता थे। चुनाव आयोग के अनुसार इन चुनावों के दौरान नगर निगमों में 55.1 प्रतिशत, नगरपालिकाओं में 65.53 प्रतिशत, जिला पंचायतों में 66.64 प्रतिशत और तालुका पंचायतों में 67.26 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इन चुनावों को अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए बतौर सेमीफाइनल देखा जा रहा है।
कच्छ जिले में हुआ था सबसे कम मतदान
नगर निगमों में कच्छ जिले के नवगठित गांधीधाम में सबसे कम 46.03 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि वलसाड जिले के वापी में सबसे अधिक 72.29 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। अहमदाबाद नगर निगम में 51.81 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। इस दौरान पहली बार नौ नए नगर निगमों नवसारी, गांधीधाम, मोरबी, वापी, आणंद, नाडियाड, मेहसाणा, पोरबंदर और सुरेंद्रनगर में भी मतदान कराया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन