Latecomer student slaps female teacher, says who are you to question me in Gujarat स्कूल में देर से आने पर टोका तो छात्र ने टीचर को मारा थप्पड़, बोला- घर पर कोई नहीं पूछता, तुम कौन होती हो, Gujarat Hindi News - Hindustan
More

स्कूल में देर से आने पर टोका तो छात्र ने टीचर को मारा थप्पड़, बोला- घर पर कोई नहीं पूछता, तुम कौन होती हो

आरोपी छात्र का नाम मोहम्मद खान अंसारी है, जो कि 18 साल का है। यह घटना पंचमहल जिले के एक निजी स्कूल में पिछले महीने की 24 तारीख को उस वक्त हुई थी, जब वहां 12वीं कक्षा की प्रारंभिक टेस्ट चल रहे थे।

Sat, 7 Feb 2026 08:45 PMSourabh Jain पीटीआई, पंचमहल, गुजरात
share
स्कूल में देर से आने पर टोका तो छात्र ने टीचर को मारा थप्पड़, बोला- घर पर कोई नहीं पूछता, तुम कौन होती हो

आमतौर पर किसी भी स्टूडेंट के देरी से स्कूल पहुंचने पर शिक्षक सवाल-जवाब तो करते ही हैं, वहीं अगर मामला परीक्षा का हो तो टीचर्स की सख्ती थोड़ी और बढ़ जाती है। हालांकि यही सवाल-जवाब करना गुजरात में एक महिला टीचर को भारी पड़ गया। दरअसल स्कूल में 12वीं क्लास के टेस्ट चल रहे थे, इसी दौरान एक छात्र देरी से पहुंचा तो शिक्षिका ने उसे डांटते हुए उससे इसकी वजह पूछ ली। लेकिन यह बात उस लड़के को इतनी नागवार गुजरी कि उसने टीचर पर हाथ उठाते हुए उन्हें जोरदार थप्पड़ मार दिया और फिर धक्का देकर गिराने की कोशिश की। आरोपी छात्र ने कहा कि मेरे घर में मुझसे कोई कुछ नहीं पूछता, ऐसे में तुम मुझसे सवाल करने वाली कौन होती हो? मामला इतने पर ही खत्म नहीं हुआ, तीन दिन बाद आरोपी एकबार फिर अपने साथियों के साथ स्कूल पहुंचा और टीचर को मारने की धमकी देकर चला आया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, हालांकि उसे जमानत मिल गई।

अन्य लड़कों ने आरोपी को दूर किया

आरोपी छात्र का नाम मोहम्मद खान अंसारी है, जो कि 18 साल का है। यह घटना पंचमहल जिले के शेहरा कस्बे के एस.जे. दवे हाई स्कूल में पिछले महीने की 24 तारीख को उस वक्त हुई थी, जब वहां 12वीं कक्षा की प्रारंभिक टेस्ट चल रहे थे। हालांकि मामले का खुलासा हाल ही में उस वक्त हुआ जब इस मामले को लेकर FIR दर्ज कराई गई। साथ ही इस घटना का CCTV फुटेज भी अब जाकर सामने आया है। जो वीडियो क्लिप सामने आई है, उसमें शिक्षिका आरोपी छात्र से बात करती और उसे डांटती दिख रही हैं, इसी दौरान लड़का गुस्से से पागल हो जाता है और महिला पर हाथ उठा देता है, इतना ही नहीं वह शिक्षिका को बहुत जोर से धक्का भी देता है, जिसकी वजह से वह गिरने से बाल-बाल बचती हैं। इसके बाद हॉल में मौजूद बाकी लड़के टीचर के बचाते हैं, वहीं आरोपी क्लासरूम से भाग जाता है।

तीन दिन बाद बाप के साथ स्कूल पहुंचकर फिर धमकाया

पुलिस के अनुसार यह घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई थी, और आरोपी के पिता ने उसी दिन टीचर और प्रभारी प्राचार्य विपुल पाठक से माफी मांगी थी। हालांकि, घटना के तीन दिन बाद 27 जनवरी को, आरोपी स्टूडेंट मोहम्मद अंसारी अपने पिता और 15 से 20 लोगों के साथ एकबार फिर स्कूल कैंपस में लौटा। इस दौरान उसने महिला टीचर को धमकाते हुए ना केवल कस्बे में अकेले रहने की बात याद दिलाई साथ ही उन्हें नुकसान पहुंचाने की धमकी भी दी।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:20 रु की घूस लेने का मामले में 30 साल लड़ी कानूनी लड़ाई,बरी होने के अगले दिन मौत
ये भी पढ़ें:गुजरात में महिला टीचर को तीन साल से अधिक की सजा, छात्रा पर हाथ उठाने की मिली सजा
ये भी पढ़ें:डॉक्टर्स ने 'हल्क' से बचाई डेढ़ साल के बच्चे की जान, अलर्ट करने वाला मामला

आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जमानत पर छूटा

पुलिस इंस्पेक्टर अंकुर चौधरी ने बताया कि पंचमहल जिले में 24 जनवरी को हुई इस घटना को लेकर 3 फरवरी को FIR दर्ज की गई थी। वहीं सीसीटीवी फुटेज वायरल होने के बाद पुलिस ने सबके सामने आरोपी की परेड कराई, साथ ही घटनाक्रम को समझने के लिए अपराध का रिक्रिएशन भी किया। अधिकारी ने बताया कि इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से शुक्रवार को उसे जमानत मिल गई। पुलिस का कहना है कि मामले की आगे की जांच जारी है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।