Gujarat tableau wins Popular Choice Award for 4th consecutive year at Republic Day Parade गणतंत्र दिवस समारोह में लगातार चौथे साल गुजरात का कमाल, जीता इस कैटेगरी में अवॉर्ड, Gujarat Hindi News - Hindustan
More

गणतंत्र दिवस समारोह में लगातार चौथे साल गुजरात का कमाल, जीता इस कैटेगरी में अवॉर्ड

झांकी निर्माण की प्रक्रिया के समय राष्ट्रीय रंगशाला में आयोजित विभिन्न राज्यों के कलाकारों के सांस्कृतिक नृत्यों की प्रतियोगिता में भी गुजरात के नृत्य को प्रोत्साहक पुरस्कार प्राप्त हुआ है।

Sat, 31 Jan 2026 12:30 AMSourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share
गणतंत्र दिवस समारोह में लगातार चौथे साल गुजरात का कमाल, जीता इस कैटेगरी में अवॉर्ड

77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर नई दिल्ली के कर्तव्य पथ पर 26 जनवरी को आयोजित परेड में गुजरात की झांकी ने एक बार फिर सफलता हासिल की और लगातार चौथी बार ‘पॉपुलर चॉइस श्रेणी’ में प्रथम स्थान प्राप्त किया। जिसके लिए शुक्रवार को विधिवत रूप से ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान किए गए। इस दौरान नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय रंगशाला शिविर में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अपने करकमलों से विजेताओं को ट्रॉफी एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए, गुजरात राज्य की ओर से जिसे मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे तथा सूचना आयुक्त किशोर बचाणी ने स्वीकार किया। इसके साथ ही झांकी निर्माण की प्रक्रिया के समय राष्ट्रीय रंगशाला में आयोजित विभिन्न राज्यों के कलाकारों के सांस्कृतिक नृत्यों की प्रतियोगिता में भी गुजरात के नृत्य को प्रोत्साहक पुरस्कार प्राप्त हुआ।

इस बार गणतंत्र दिवस पर गुजरात की तरफ से गई झांकी ‘स्वतंत्रता का मंत्र : वंदे मातरम्’ विषय पर आधारित थी। जिसका निर्माण गुजरात सरकार के सूचना आयुक्त कार्यालय द्वारा किया गया था। सूचना आयुक्त किशोर बचाणी के दिशादर्शन तथा अपर सूचना निदेशक श्री अरविंद पटेल के मार्गदर्शन में संयुक्त सूचना निदेशक डॉ. संजय कचोट एवं फिल्म प्रोडक्शन शाखा की सूचना उप निदेशक सुश्री भावना वसावा द्वारा इस झांकी के निर्माण का समग्र कार्य किया गया था।

गणतंत्र दिवस परेड में लगातार चौथे साल गुजरात की झांकी ने किया कमाल, जीता इस कैटेगरी में अवॉर्ड

इस अवॉर्ड के मिलने पर खुशी जताते हुए सीएम भूपेंद्र पटेल ने कहा, ‘यह बहुत खुशी की बात है कि गुजरात की झांकी ने नई दिल्ली में 77वें गणतंत्र दिवस के मौके पर हुई नेशनल परेड में लगातार चौथे साल “पॉपुलर चॉइस अवॉर्ड” कैटेगरी में पहला स्थान हासिल करके इतिहास रच दिया है।'

आगे उन्होंने लिखा, 'गुजरात की ‘स्वतंत्रता का मंत्र: वंदे मातरम’ थीम पर आधारित झांकी ने बहुत दिलचस्पी और आकर्षण पैदा किया। देशभक्ति के साथ-साथ राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को दिखाने वाली गुजरात की झांकी को लोगों ने खूब सराहा। इससे पहले, गुजरात की झांकी ने साल 2023, 2024 और 2025 में लगातार तीन साल इस कैटेगरी में पहला पुरस्कार जीता है।’

बता दें कि इससे पहले वर्ष 2023 में नवीकरणीय ऊर्जा के अधिकतम् उपयोग के आह्वान को साकार करने में गुजरात की पहल के रूप में प्रस्तुत की गई ‘क्लीन ग्रीन एनर्जी युक्त गुजरात’ झांकी को ‘पॉपुलर चॉइस श्रेणी’ में पुरस्कार प्राप्त हुआ था। इसके साथ ही तीन साल पहले शुरू हुई विजय परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वर्ष 2024 में प्रस्तुत की गई गुजरात की ‘धोरडो : वर्ल्ड बेस्ट टूरिज्म विलेज’ थीम आधारित झांकी ने ‘पॉपुलर चॉइस श्रेणी’ में पुरस्कार प्राप्त करने के साथ-साथ झांकियों की श्रेष्ठता की चयन समिति की ‘ज्यूरीस चॉइस’ श्रेणी में भी दूसरा स्थान प्राप्त किया था।

read moreये भी पढ़ें:
ये भी पढ़ें:गुजरात में पुल से गिरकर आग का गोला बनी कार, तीन मृतकों के कंकालनुमा शव बरामद
ये भी पढ़ें:गुजरात में बच्चा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़, नवजात को बेचने लेकर जा रहे थे हैदराबाद
ये भी पढ़ें:गुजरात सरकार की बड़ी सौगात, इन दो शहरों के बीच 8 लेन हाईवे बनाने को दी मंजूरी

पिछले साल यानी वर्ष 2025 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में गुजरात ने आधुनिक विकास की जो लंबी छलांग लगाई है, उसकी विकास गाथा तथा प्राचीन विरासत की झांकी दर्शाने वाली ‘अनार्तपुरथी एकतानगर सुधी – विरासतथी विकासनो अद्भुत संगम’ झाँकी ने ‘पॉपुलर चॉइस पुरस्कार’ जीता। इसके बाद लगातार चौथे वर्ष इस श्रेणी में वर्ष 2026 का राष्ट्रीय पुरस्कार जीतकर गुजरात ने इतिहास रचा है।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।