गुजरात के राजकोट में पुल से गिरकर आग का गोला बनी कार, हादसे के बाद मृतकों के कंकालनुमा शव बरामद
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कार आग का गोला बन गई। जिससे उसमें सवार लोगो की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि हादसे की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड का वाहन भी मौके पर पहुंचा।

गुजरात के राजकोट जिले में शुक्रवार तड़के हुए हृदय विदारक हादसे में एक कार पुल की दीवार तोड़कर करीब 8 फिट नीचे जा गिरी, और इसके बाद पलटी हुई कार में आग लग गई। इसी आग में जलकर कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो महिला शिक्षिकाएं भी शामिल हैं। हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना गोंडल-अटकोट हाईवे पर सुबह करीब साढ़े 5 बजे हुई, जब कार छोटा उदयपुर से गोंडल की ओर जा रही थी।
पुल से गिर पलटी कार, बाहर निकलने का मौका नहीं मिला
डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस नवीन चक्रवर्ती ने बताया कि यह हादसा सुबह 5 से 6 बजे के बीच उस वक्त हुआ, जब कार रास्ते में एक छोटी नदी पर बने करीब 8 फुट ऊंचे पुल से गुजरते समय उसकी एक दीवार से टकरा गई और उसे तोड़ते हुए नीचे जा गिरी। गिरने के बाद वह पलट गई और उसमें तुरंत अचानक आग भी लग गई। जिससे कि उसमें सवार तीनों लोग अंदर ही फंसे रह गए और उन्हें बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिला।
गिरने के कुछ मिनट बाद बन गई आग का गोला
आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में कार आग का गोला बन गई। जिससे उसमें सवार लोगो की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस का कहना है कि हादसे की सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड का वाहन भी मौके पर पहुंचा, और उसने आग भी बुझाई, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी और उसमें सवार लोग मारे जा चुके थे। हादसा इतना भयानक था कि कार में मृतकों के सिर्फ कंकालनुमा शव ही बचे थे।
शवों अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया
चक्रवर्ती ने बताया कि पीड़ितों के जले हुए शव बरामद कर लिए गए हैं और फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है, जबकि पहचान के लिए सैंपल फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी भेजे गए हैं। दरअसल हादसे के बाद शवों के सिर्फ अवशेष बचने की वजह से पोस्टमार्टम संभव नहीं था, ऐसे में उनकी फॉरेंसिक जांच ही कराई जाएगी। अधिकारी ने बताया कि आगे की जांच जारी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन