गुजरात में सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल ने की टीचर पत्नी की हत्या, पहचान छुपाने को पेट्रोल से जलाई लाश
गुजरात के अहमदाबाद में जनगणना ड्यूटी में लगे एक प्राइमरी स्कूल के प्रिंसिपल ने रास्ते में हुई बहस के दौरान अपनी टीचर पत्नी की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। इसके बाद शव की पहचान छुपाने के लिए अपनी स्कूटी से पेट्रोल निकाकर लाश को जला दिया।

गुजरात के अहमदाबाद में प्राइमरी स्कूल के एक प्रिंसिपल ने जनगणना ड्यूटी में लगी अपनी टीचर पत्नी की हत्या कर दी और फिर सबूत मिटाने के लिए लाश को भी जला दिया। इसके बाद उसने पुलिस में पत्नी की गुमशुदगी की झूठी शिकायत दर्ज करा दी। हालांकि, पुलिस जांच में इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा होने के बाद पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस की पूछताछ में उसने अपराध कबूल करते हुए इसके पीछे लंबे समय से चल रहे घरेलू झगड़ों को कारण बताया है।
जानकारी के अनुसार, अहमदाबाद में एक टीचर पति-पत्नी बुधवार को एक साथ जनगणना की ड्यूटी के लिए घर से निकले थे। रास्ते में अचानक महिला संदिग्ध परिस्थितियों में कहीं गायब हो गई। महिला पति द्वारा पुलिस में उसकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई थी, लेकिन उसी दिन ढोलका के बाहरी इलाके में नर्मदा नहर के पास महिला का अधजला शव मिला था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर उसकी शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए थे। जांच के दौरान मृतका की पहचान 45 वर्षीय रीना जाला के रूप में हुई, जो चालोडा प्राइमरी स्कूल में टीचर थी। मामले की तफ्तीश में पुलिस को पता चला है कि यह गुमशुदगी नहीं बल्कि पति द्वारा पत्नी की हत्या करने का मामला था।
किसान ने पुलिस को दी थी शव की सूचना
द टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, मृतका रीना के पति बलदेव खत्रीपुर गांव के एक सरकारी प्राइमरी स्कूल के प्रिंसिपल हैं। बलदेव पर आरोप है कि उन्होंने रीना की हत्या कर सबूत मिटाने के लिए उसकी लाश जला दी थी। पुलिस द्वारा तकनीकी सबूतों के साथ जब बलदेव से पूछताछ की गई तो उसने हत्या की बात मान ली, जिसके बाद पुलिस ने गुरुवार को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि एक स्थानीय किसान ने चलोदा और केलियावासना गांवों के बीच एक सुनसान इलाके में नहर किनारे एक महिला का अधजला शव देखकर पुलिस को इसकी खबर दी। सूचना मिलते ही पर ढोलका रूरल पुलिस, सर्विलांस स्क्वाड और अहमदाबाद रूरल लोकल क्राइम ब्रांच ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
पत्थर से सिर कुचलकर मारा
पुलिस के मुताबिक, यह बलदेव और रीना बुधवार को एक साथ जनगणना कार्य के लिए ढोलका में अपने घर से स्कूटी पर निकले थे। रास्ते में किसी बात पर उन दोनों के बीच झगड़ा हो गया। इसके बाद गुस्साया बलदेव स्कूटी को नहर के पास एक सुनसान सड़क पर ले गया और फिर कथित तौर पर पत्थर से रीना का सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद मृतका की पहचान छुपाने के लिए उसने अपनी स्कूटी से पेट्रोल निकाला और रीना के शव पर छिड़कर आग लगा दी। इसके बाद उसने पुलिस के पास जाकर पत्नी लापता होने की झूठी शिकायत दर्ज करा दी।
आरोपी ने घरेलू झगड़ों को बताया कारण
डीएसपी पी.एम. प्रजापति ने बताया कि पुलिस को पति-पत्नी की गतिविधियों की जांच करने और तकनीकी सबूत इकट्ठा करने के दौरान कुछ शक हुआ। पुलिस ने जब बलदेव से सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गया और उसने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात कबूल कर ली। डीएसपी ने बताया कि आरोपी ने इस अपराध के पीछे लंबे समय से चले आ रहे घरेलू झगड़ों को कारण बताया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




साइन इन